sirsa news सीआईए ने कार से बरामद की 44 लाख की नकदी
sirsa news सीआईए कालांवाली की पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम को एक कार से करीब 44 लाख की नकदी बरामद की है। नकदी को लेकर पुलिस कार सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने में जुट गई है।
जिस व्यक्ति से पुलिस ने नकदी बरामद की है वह मनजीत गोयल उर्फ मोनू ठेकेदार कालांवाली अनाज मंडी का व्यापारी बताया जा रहा है। जबकि दूसरा व्यक्ति साहिल कुमार कालांवाली प्राइवेट बैंक कर्मचारी है। वहीं संबंधित विभाग अब उसके अकाउंट सहित अन्य दस्तावेजों को भी खंगाल रही है।
बता दें कि कालांवाली में फर्जी बिलिंग, हवाला कारोबार और आनॅलाइन ठगी का कारोबार जोरों से चल रहा है। इसमें प्राइवेट बैंकों की संलिप्ता भी बताई जा रही है। जिस कारण पुलिस द्वारा पकड़ी राशि को भी गैर-कानूनी कामों से जोड़कर चर्चाएं चल रही है। हालांकि पुलिस व इनकम टैक्स जांच के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
सीआईए इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मनजीत गोयल अपनी इनोवा कार में लाखों की नकदी लेकर सिरसा जा रहा है। जोकि संदिग्ध है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जब पन्नीवाला मोटा के पास इनोवा कार को रोका।
कार में मनजीत सिंह व साहिल कुमार सवार थे। पुलिस पूछताछ में मनजीत गोयल ने बताया कि कालांवाली बैंक में इतना कैश जमा नहीं हुआ। जिस कारण वह कैश लेकर सिरसा बैंक में जमा करवाने जा रहा था। वहीं साहिल कुमार ने बताया कि उसने सिरसा जाने के लिए बीच रास्ते में लिफ्ट ली थी।
इनकम टैक्स करेगी आगामी कार्रवाई- इंचार्ज
इस संबंध में सीआईए इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि मनजीत गोयल व साहिल कुमार को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है । जबकि पुलिस ने 44 लाख की नकदी ओढ़ां पुलिस थाने में जमा कर दी है। राशि मनजीत सिंह के सामने गिनवाकर जमा करवाई गई है। उच्चाधिकारियों व इनकम टैक्स अधिकारियों को जानकारी दी है। अब आगामी कार्रवाई इनकम टैक्स विभाग की ओर से की जाएगी।
