https://www.choptaplus.in/

सिरसा में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी का खतरा, नौकरी देने से पहले मांग रहे पैसे; पुलिस ने किया अलर्ट

 
सिरसा में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी का खतरा, नौकरी देने से पहले मांग रहे पैसे; पुलिस ने किया अलर्ट

सिरसा/डबवाली। घर बैठे काम करने और अच्छी सैलरी वाली नौकरी पाने का सपना कहीं आपकी मेहनत की कमाई न छीन ले। साइबर ठग अब वर्क फ्रॉम होम और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसे देखते हुए डबवाली पुलिस ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि नौकरी का लालच देकर लोगों से रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और सिक्योरिटी फीस के नाम पर पैसे ऐंठे जा रहे हैं।

 नौकरी का झांसा देकर ऐसे फंसाते हैं ठग

साइबर ठग लोगों को फोन कॉल, व्हाट्सऐप और ईमेल के जरिए नौकरी के ऑफर भेजते हैं। इन ऑफर में घर बैठे काम करने, अच्छी सैलरी देने और तुरंत नौकरी पर रखने जैसी बातें कही जाती हैं। लोगों को भरोसा दिलाने के लिए ठग फर्जी नियुक्ति पत्र और नकली कंपनी की जानकारी भी भेजते हैं।

कई बार ठग खुद को कंपनी का एचआर अधिकारी बताकर संपर्क करते हैं। इसके बाद नौकरी पक्की करने, रजिस्ट्रेशन कराने, ट्रेनिंग देने या दस्तावेजों की जांच के नाम पर पैसे मांगते हैं। लोग उनकी बातों में आकर रकम भेज देते हैं, लेकिन पैसे मिलने के बाद ठग संपर्क करना बंद कर देते हैं।

 पुलिस ने बताया, नौकरी के नाम पर पैसे मांगना खतरे का संकेत

साइबर अपराध शाखा प्रभारी एवं पुलिस प्रवक्ता उपनिरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी नौकरी के ऑफर पर भरोसा करने से पहले कंपनी और उससे संपर्क करने वाले व्यक्ति की अच्छी तरह जांच कर लें।

उन्होंने कहा कि कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, ईमेल और नियुक्ति पत्र की पुष्टि जरूर करें। अगर कोई व्यक्ति बिना साक्षात्कार के नौकरी देने या बहुत ज्यादा सैलरी का लालच देकर तुरंत पैसे जमा करवाने का दबाव बनाता है, तो सावधान हो जाएं।

 ऑनलाइन नौकरी के लिए आवेदन करते समय इन बातों का रखें ध्यान

 नौकरी दिलाने या नियुक्ति पक्की करने के नाम पर जल्दबाजी में पैसे न भेजें।

 कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और ईमेल की जांच करें।

 अनजान लोगों की ओर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें।

 किसी के कहने पर संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड न करें।

 अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और निजी दस्तावेज अनजान लोगों के साथ साझा न करें।

 नौकरी का ऑफर देने वाले व्यक्ति और कंपनी की पहचान की पुष्टि जरूर करें।

पुलिस की अपील: घर बैठे नौकरी पाने के लालच में अपनी जमा पूंजी जोखिम में न डालें। किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जांचें। थोड़ी सी सावधानी आपको ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बचा सकती है।

Rajasthan