सिरसा के कालांवाली में जमीनी विवाद के चलते पूर्व सरपंच के बेटे और पोते की हत्या
कालांवाली एरिया के गांव खोखर में रविवार को दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। इस मामले में जमीनी विवाद के चलते पूर्व सरपंच के बेटे व उसके भतीजे की परिवारिक लोगों ने ही तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान करीब 45 वर्ष झरमल सिंह व उसके भतीजे करीब 25 वर्षीय दलजीत सिंह हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कालावाली पुलिस और सीआईए कालावाली की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कालांवाली पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
मृतक के चचेरे भाई निक्का सिंह ने बताया कि उसके चाचा महेंद्र सिंह के नए घर की नींव पत्थर रखी जानी थी। जिसको लेकर झरमल सिंह व उसका भतीजा दलजीत सिंह बाइक पर सवार होकर महेंद्र सिंह के घर पर जा रहे थे। इस दौरान दादा भाई के परिवारिक सदस्यों मोती सिंह, बिकर सिंह, जसवंत सिंह ने उन्हें नौरंग रोड पर बीच रास्ते में रोक लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में झरमल सिंह और दलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे तुरंत कालांवाली के सामुदायिक स्वास्थय केंद्र में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक झरमल सिंह के करीब 20 वर्षीय एक बेटा है। जबकि मृतक दलजीत सिंह अविवाहित था और अपने मां-बाप की एकलौती संतान था।
मृतक के चचेरे भाई निक्का सिंह ने बताया कि इसी सप्ताह गांव के पिंदा सिंह ने बिकर सिंह से 2 कनाल जमीन बेचने के लिए 6 हजार रूपये साई ली थी। लेकिन बाद में पिंदा सिंह साई वापिस लौटा आया था। जिसके बाद बिकर सिंह ने मृतक झरमल सिंह पर रूपये ज्यादा देकर साई वापिस दिलवाने और सौदा कैंसिल करवाने के आरोप लगाए थे। जिस कारण दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। हालांकि मृतक के झरमल सिंह के पिता मिठू सिंह ने ही बिकर सिंह को अपनी साली का रिश्ता करवाया था।
वहीं गांववासियों ने बताया कि झरमल सिंह की मां जसमेल कौर व पिता मिठू सिंह दोनों गांव के सरपंच रह चुके है। एक चुनाव में झरमल सिंह के पिता मिठू सिंह और ताऊ धर्म सिंह ने आमने-सामने चुनाव लड़ा था और धर्म सिंह चुनाव हार गए थे। इस कारण भी दोनों परिवारों में रंजिश बताई जा रही है।
दूसरे पक्ष के लोग भी हुए है घायल
जमीनी विवाद को लेकर आपसी कहासुनी में झरमल सिंह व दलजीत सिंह की मौत हो गई। साथ में मृतक झरमल सिंह का चचेरा भाई गुरप्रीत सिंह व चाचे का पौता अर्शदीप सिंह घायल हो गए। इसके अलावा दूसरे पक्ष के लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए है। जिनमें धर्म सिंह के बेटे मोती सिंह, बिकर सिंह और बिकर सिंह का बेटा जसवंत सिंह शामिल है। जिन्हे नागरिक अस्पताल सिरसा में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है- थाना प्रभारी
घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई जसवीर सिंह के ब्याॅनों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। सुनील कुमार, प्रभारी, थाना कालांवाली
फोटो- कालांवाली। मृतक झरमल सिंह व मृतक दलजीत सिंह
कालांवाली। घटना के बाद मामले की जांच करती कालांवाली पुलिस
