सिरसा में नशा तस्कर की 38.50 लाख की संपत्ति अटैच, 15 मरले जमीन और 4वाहन शामिल; पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सिरसा। हरियाणा के सिरसा में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डिंग थाना क्षेत्र के गांव शेरपुरा निवासी सोहनलाल पुत्र रामजीलाल की करीब 38.50 लाख रुपये की चल‑अचल संपत्ति अटैच करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह संपत्ति नशा तस्करी से कमाए गए पैसों से बनाई थी। अटैच की गई संपत्ति में 15 मरले जमीन, दो कार और दो बाइक शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि नशे का कारोबार करके संपत्ति बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करी में शामिल लोगों को साफ संदेश दिया गया है कि नशे की कमाई से बनाई गई संपत्ति पर भी कानून का शिकंजा कस सकता है।
दिल्ली भेजा गया था संपत्ति का पूरा ब्योरा
पुलिस के मुताबिक, डिंग थाना पुलिस ने आरोपी की चल‑अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा था। इसके बाद नशा तस्करी और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की धारा 68एफ(2) के तहत आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों को अटैच करने के आदेश जारी किए गए।
इस कार्रवाई के संबंध में संबंधित विभागों को नोटिस भेज दिए गए हैं। संपत्ति अटैच होने के बाद आरोपी नियमानुसार इन संपत्तियों को बेचने या उनका हस्तांतरण करने में सक्षम नहीं होगा।
2006 में 41 किलो चूरापोस्त के मामले में पकड़ा गया था आरोपी
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सोहनलाल के खिलाफ वर्ष 2006 में 41 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद होने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में अदालत ने आरोपी को चार साल की सजा सुनाई थी और 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़े अन्य मामले भी दर्ज हैं। अब उसकी संपत्ति अटैच करने की कार्रवाई की गई है।
नशे की कमाई से बनाई संपत्ति पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि सिरसा पुलिस नशा तस्करी में शामिल लोगों की संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। नशे के कारोबार से कमाई करके संपत्ति बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करी से युवाओं का भविष्य खराब होता है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशे के कारोबार पर रोक लगाना और युवाओं को नशे के जाल से बचाना है। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

