Sirsa News: सिरसा में पुलिस को देखकर कार मोड़कर भागने लगे युवक, गाड़ी बंद हुई तो पकड़े गए; 11पेटी शराब बरामद
सिरसा। सिरसा में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ की टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक कार में सवार थे और पुलिस को देखकर गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन कुछ दूर जाने से पहले ही कार बंद हो गई और पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट से अवैध देशी शराब की 11 पेटी बरामद हुईं।
पुलिस ने शराब और कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पेपर मिल के पास पुलिस को देखकर बदली गाड़ी की दिशा
पुलिस के अनुसार, एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर सीआईए सिरसा की टीम गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। टीम गांव शाहपुर बेगू से होते हुए सतनाम चौक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पेपर मिल के पास सामने से एक आई-20 कार आती दिखाई दी।
कार सवार युवकों ने पुलिस की गाड़ी देखी तो अचानक कार वापस मोड़ ली और भागने का प्रयास किया। इसी दौरान कार बंद हो गई। पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया।
कार की पिछली सीट से मिलीं 11 पेटी शराब
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट से अवैध देशी शराब की 11 पेटी बरामद हुईं। इसके बाद शराब को कब्जे में ले लिया गया और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कपिल पुत्र भीम सैन निवासी कीर्तिनगर, सिरसा और अनिल पुत्र मदन लाल निवासी गांव नटार, हाल निवासी कीर्तिनगर, सिरसा के रूप में हुई है।
शराब कहां से आई, पुलिस कर रही जांच
सीआईए स्टाफ की टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शहर थाना सिरसा में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी शराब कहां से लेकर आए थे और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में अवैध शराब बेचने और उसकी तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

