फतेहपुर दो जांटी धाम में पैंतालिसा धर्मशाला की नवनिर्मित इमारत का लोकार्पण
श्री बालाजी सेवा ट्रस्ट नाथूसरी चोपटा की ओर से सालासर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सराहनीय पहल
नाथूसरी चोपटा,। फतेहपुर दो जांटी धाम स्थित पैंतालिसा धर्मशाला की नवनिर्मित भव्य इमारत का लोकार्पण समारोह मंगलवार को हर्षोल्लास एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। श्री बालाजी सेवा ट्रस्ट, नाथूसरी चोपटा द्वारा संचालित धर्मशाला की नई इमारत का लोकार्पण सुबह 10:15 बजे सम्मानित भामाशाहों की उपस्थिति में किया गया।
धर्मशाला सालासर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए सेवा, सहयोग और सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। नवनिर्मित इमारत से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों ने श्री बालाजी महाराज के जयकारे लगाए तथा इस पुनीत कार्य की सराहना की।

श्री बालाजी सेवा ट्रस्ट के प्रधान सुभाष बेनीवाल ने धर्मशाला के निर्माण में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों, दानदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की नवनिर्मित इमारत श्रद्धालुओं की सेवा के लिए समर्पित है। ऐसे सेवा कार्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सहयोग, समर्पण और जनकल्याण की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाना पुण्य का कार्य है। समाज के सहयोग से संचालित ऐसे प्रकल्प जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होते हैं।
समारोह के दौरान धर्मशाला के निर्माण में योगदान देने वाले भामाशाहों एवं सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। श्री बालाजी सेवा ट्रस्ट, नाथूसरी चोपटा ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


