https://www.choptaplus.in/

CBSE 10th Topper Sirsa 2026: सिरसा के श्री चैतन्य टैक्नो स्कूल की छात्रा 99 प्रतिशत अंक हासिल कर बनी टॉप, जाने सभी स्कूलों का कैसा रहा परिणाम

 
Students celebrating CBSE 10th result 2026 in Sirsa schools showing toppers list and pass percentage of Shah Satnam Ji Sri Chaitanya and St Xavier School CBSE 10th Result Sirsa

चोपटा: सीबीएसई द्वारा 15 अप्रैल 2026 को कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए, जिसमें सिरसा जिले के कई स्कूलों ने शानदार प्रदर्शन किया। पूरे देश में इस वर्ष कुल 93.70 प्रतिशत छात्र सफल हुए, जबकि सिरसा के कई स्कूलों ने यह आंकड़ा पार करते हुए शत-प्रतिशत सफलता दर दर्ज की है। शाह सतनाम जी गर्ल्स एवं बॉयज स्कूल, श्री चैतन्य टैक्नो स्कूल और सेंट जेवियर्स स्कूल सहित कई संस्थानों के छात्रों ने बेहतरीन अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

सिकंदरपुर स्थित 9 टू 1 स्कॉलर्स हैवन स्कूल के विद्यार्थियों ने कोचिंग परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण दिया है। इस वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर संस्था का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि में हर्षित ने 94 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि परमीत ने 92 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया। केशव, जैस्मीन, श्रियाल और अर्जमीत सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर सफलता की इस लिस्ट में अपना स्थान बनाया। कई छात्रों ने अंग्रेजी विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की, वहीं सामाजिक विज्ञान और भौतिक विज्ञान में भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन का संयुक्त परिणाम है।

9 टू 1 स्कॉलर्स हैवन स्कूल

शाह सतनाम जी गर्ल्स व बॉयज स्कूल ने इस बार दसवीं के नतीजों में फिर से अपना लोहा मनवा लिया। इन दोनों स्कूलों से कुल 332 बच्चों ने परीक्षा दी और सब के सब पास हो गए। बच्चों ने इस सफलता का श्रेय डेरा सच्चा सौदा के गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के आशीर्वाद और अध्यापकों की कड़ी मेहनत को दिया। प्रबंधन समिति के चरणजीत इन्सां, रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, हिमानी इन्सां, आर.के. चौहान इन्सां, रामकिशन बजाज इन्सां, बॉयज स्कूल के प्राचार्य राकेश धवन इन्सां, गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या डॉ. शीला पूनियां इन्सां ने सबको ढेर सारी बधाई दी।

शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. शीला पूनियां इन्सां ने बताया कि उनके स्कूल से 161 लड़कियों ने दसवीं की परीक्षा दी और सब पास हो गईं। स्कूल में अनंदिता मक्कर ने 98.2 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान पाया। खुशी ने 96 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा और अमानत इन्सां ने 95.8 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। 112 लड़कियां मेरिट के साथ पास हुईं, जिनमें 54 ने 90 फीसदी से ऊपर, 58 ने 80 से 89 के बीच, 23 ने 75 से 79 के बीच और 26 लड़कियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की। 

Shah Satnam Ji School CBSE Topper

वहीं शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के प्रिंसिपल राकेश धवन इन्सां ने बताया कि उनके स्कूल से 171 लड़कों ने परीक्षा दी और सब पास हो गए। स्कूल में हिमांशु ने 94.80 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान पाया। सक्षम और अभिजीत ने बराबरी से 94.40 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा तथा आशीर्वाद ने 94.20 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। 12 लड़कों ने 90 फीसदी से ऊपर, 33 ने मेरिट में जगह बनाई, 14 ने डिस्टिंक्शन (75 से 80 फीसदी) के साथ पास किया और 76 लड़कों ने प्रथम श्रेणी में पास किया। दोनों स्कूलों के प्राचार्यों ने कहा कि यह सब बच्चों की मेहनत, अनुशासन और गुरुजी के आशीर्वाद का ही करिश्मा है कि 332 में से एक भी बच्चा फेल नहीं हुआ।

सिरसा के मोरीवाला वाले श्री चैतन्य टैक्नो स्कूल का भी नतीजा सौ फीसदी रहा। इस स्कूल की होनहार छात्रा अक्षिता ने 99 प्रतिशत (495 में से 495 नंबर) हासिल कर जिले में दूसरा स्थान पाया। पार्थ धींगड़ा ने 98.4 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल में दूसरा और पार्वी ने 97.6 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान पाया। इस कमाल पर स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूल के 9 बच्चों ने 95 फीसदी और 23 बच्चों ने 90 फीसदी अंक हासिल किए। 7 बच्चों ने अलग-अलग विषयों में 100 में से 100 नंबर लेकर धमाल मचा दिया। स्कूल की प्रिंसिपल जीना धुरिया ने कहा कि यह सब मेहनत और लगन का फल है और अक्षिता तो शुरू से ही बेहद मेहनती और अनुशासित रही है। स्कूल प्रशासन के ए.जी.एम. अंशुल सक्सेना, एग्जीक्यूटिव डीन बी.जगन्नाथ राव, जोनल डीन एल्वर्सन अलवागाउंडर और प्रिंसिपल ने सबको बधाई देते हुए कहा कि यह सिरसा जिले के लिए गर्व की बात है।

CBSE 10th Topper 2026: चौपटा के दयानंद स्कूल में रूबी और आदित्य का जलवा, बने ब्लॉक टॉपर

St Xavier School 10th Topper 2026

सिरसा के सेंट जेवियर्स स्कूल के दसवीं के बच्चों ने भी अपनी चमक बिखेरी। सुहानी बियानी ने 97.4 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान पाया, निकिता ने 96.6 प्रतिशत अंक हासिल किए और तीसरा स्थान तीन बच्चों केशवी, कश्मीत और ध्रुव ने बराबरी से हासिल किया। सबसे बड़ी बात यह रही कि 60 से अधिक बच्चों ने 95 फीसदी से ऊपर अंक लिए। स्कूल के प्रिंसिपल सेल्वराज पीटर ने सबको बधाई दी और कहा कि स्कूल जल्द ही टॉपर बच्चों के सम्मान में एक कार्यक्रम करेगा। इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि सिरसा के बच्चे पढ़ाई में किसी से कम नहीं हैं।
 

Rajasthan