हरियाणा में सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थियों को मिलेगी 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, ऐसे करें आवेदन
योजना के निर्धारित मापदंडों के अनुसार, अपनी स्ट्रीम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को पांच हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को तीन हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को दो हजार रुपये की वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह लाभ केवल सरकारी कॉलेजों में रेगुलर पढ़ रहे विद्यार्थियों को ही दिया जाएगा। गैर-सरकारी (प्राइवेट) कॉलेजों, मुक्त विश्वविद्यालयों (ओपन) और पत्राचार के माध्यम से शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। प्रत्येक सरकारी कॉलेज में संकाय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन टॉपर्स का चयन किया जाएगा।
अलग-अलग बनेगी मेरिट सूची
छात्रवृत्ति के पारदर्शी आवंटन के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा लड़कों (सामान्य वर्ग), लड़कियों (सामान्य वर्ग) और अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों की अलग-अलग मेरिट सूची तैयार की जाएगी। यह प्रोत्साहन केवल उसी शैक्षणिक वर्ष के लिए देय होगा, जिसमें विद्यार्थी ने विश्वविद्यालय की परीक्षा में मेरिट स्थान प्राप्त किया है। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. सज्जन कुमार ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं की आर्थिक मदद करना है। इस कदम से ग्रामीण व शहरी अंचल के छात्र बिना किसी वित्तीय बाधा के अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने और शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।
'हर-छात्रवृत्ति' पोर्टल पर होगा पंजीकरण
पात्र विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ लेने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग के 'हर-छात्रवृत्ति' केंद्रीकृत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य है। आवेदन प्रक्रिया में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) को अनिवार्य दस्तावेज बनाया गया है। पंजीकरण के दौरान विद्यार्थियों को अपना आधार कार्ड, नवीनतम फोटो, हस्ताक्षर, आय व जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र (डोमिसाइल), 10वीं-12वीं की मार्कशीट और कॉलेज की शुल्क रसीद पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। विभाग ने सभी सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे योग्य विद्यार्थियों को योजना के बारे में जागरूक कर समय रहते उनका ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करवाएं।
