हरियाणा बोर्ड 10वीं हिंदी का पेपर रद्द, लीक मामले में पूरा स्टाफ हटा, नया सेंटर लिस्ट जारी।
भिवानी, 01 मार्च : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डा. प्रो. पवन कुमार एवं सचिव मुनीश शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि बोर्ड द्वारा संचालित अध्यक्ष विशेष आरएएफ उडनदस्ता द्वारा जिला जीन्द के परीक्षा केन्द्र पीएसपीएम व.मा.वि.,झमोला पर छापेमारी के दौरान केन्द्र पर नियुक्त सेवादार के मोबाइल में सैकेण्डरी हिन्दी विषय की परीक्षा से संबंधित 'डीÓ कोड की उत्तरकुंजी पाई गई थी।
इसके अतिरिक्त केन्द्र पर काफी अनियमितताएं भी देखने को मिली। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा इस मामले में तुरन्त कार्यवाही करते हुए सेवादार के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई थी। बोर्ड प्रशासन द्वारा परीक्षा की पवित्रता भंग होने के कारण पीएसपीएम व.मा.वि.,झमोला परीक्षा केन्द्र पर 28 फरवरी को संचालित हुई हिन्दी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है तथा केन्द्र पर नियुक्त समस्त स्टाफ को भी तुरन्त प्रभाव से कार्यभार मुक्त कर दिया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केन्द्र पीएसपीएम व.मा.वि.,झमोला केन्द्र को सैकेण्डरी व सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा के लिए नए परीक्षा केन्द्र रा.क.व.मा.वि., जुलाना-02(बी-02)पर शिफ्ट कर दिया गया है। अब 3 मार्च से सीनियर सैकेण्डरी एवं 5 मार्च से सैकेण्डरी कक्षा की परीक्षाएं नए परीक्षा केन्द्र रा.क.व.मा.वि., जुलाना-02(बी-02)पर संचालित होंगी।
उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी, जीन्द को निर्देशित किया कि वह नए परीक्षा केन्द्र रा.क.व.मा.वि., जुलाना-02(बी-02)पर नया स्टाफ (केन्द्र अधीक्षक, उप-केन्द्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक अमला, लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) की नियुक्ति करना सुनिश्चित करें। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा बोर्ड विशेष तौर पर नकल रहित परीक्षाओं के संचालन को लेकर अति सवेंदनशील है। इसलिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाएं जा रहे हैं।
