https://www.choptaplus.in/

HBSE 12th Result Sirsa: साहुवाला-II के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की बेटियों का कमाल, प्रीति ने 96% अंकों के साथ किया ब्लॉक टॉप

 
HBSE 12th result topper girls from Govt Senior Secondary School Sahuwala 2 Sirsa highlighting block topper Preeti

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा जारी कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में सिरसा जिले की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खंड शिक्षा अधिकारी श्री सतबीर सिंह ढिढारिया के कुशल नेतृत्व में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहूवाला द्वितीय (कोड 2846) की छात्राओं ने शानदार सफलता हासिल करते हुए नाथुसरी चोपटा खंड स्तर पर पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है। 

विद्यालय की प्राचार्या मंजू पूनिया ने परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि छात्राओं ने अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। स्कूल की होनहार छात्रा प्रीति ने 500 में से 480 अंक (96 प्रतिशत) प्राप्त कर पूरे खंड (Block) में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, निशा ने 479 अंक (95.8 प्रतिशत) के साथ खंड में द्वितीय स्थान और दिया ने 477 अंक (95.4 प्रतिशत) हासिल कर तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया है।

इन मेधावी छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल स्कूल का बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन हुआ है। ग्रामीण अंचल की इन बेटियों की सफलता ने अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ा दी है। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों द्वारा इन छात्राओं का भव्य स्वागत किया जा रहा है और उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

आपको बता दें कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहूवाला-II का यह शानदार प्रदर्शन कोई इत्तेफाक नहीं है। बतादें कि पिछले वर्ष के दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में भी इसी विद्यालय की छात्राओं ने खंड स्तर पर पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया था। स्कूल का यह निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन शिक्षकों की मेहनत और छात्राओं की लगन का नतिजा है।

HBSE 12th Result Sirsa: सिरसा के इस गांव के सरकारी स्कूल का 100% रहा रिजल्ट, सभी छात्र फर्स्ट डिवीजन से पास

इस गौरवपूर्ण अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी श्री सतबीर सिंह ढिढारिया ने विशेष रूप से इन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस ऐतिहासिक सफलता को छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के प्रति उनके समर्पण का परिणाम बताया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी स्कूल के स्टाफ और प्राचार्या के प्रयासों की जमकर सराहना की है।

Rajasthan