रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत छात्राओं को मिलेगी फ्री स्कूटी, अगर आप भी है पात्र तो फटाफट तैयार कर लें ये डॉक्यूमेंट
यूपी सरकार शुरू कर रही 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना', पहले चरण में 45 हजार छात्राओं को मिलेगी स्कूटी।
ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर में 80% से ज्यादा अंक लाने वाली छात्राओं की कॉलेज से मांगी गई लिस्ट।
स्कूटी पाने के लिए परिवार की सालाना आमदनी 12 लाख रुपये से कम होना है जरूरी।
योजना के लिए यूपी का मूल निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की पड़ेगी जरूरत।
उत्तर प्रदेश में कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं के लिए राज्य सरकार जल्द ही 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत पहले चरण में करीब 45 हजार छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल वाली स्कूटी दी जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग ने योजना का मसौदा तैयार कर लिया है और सभी यूनिवर्सिटी तथा डिग्री कॉलेजों से योग्य छात्राओं का डाटा मांगना शुरू कर दिया है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में सुविधा देना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
मेरिट के आधार पर होगा स्कूटी के लिए चयन
मुफ्त स्कूटी बांटने के लिए शिक्षा विभाग मेरिट का फॉर्मूला अपनाएगा। कॉलेजों से उन छात्राओं की सूची मांगी गई है, जिन्होंने ग्रेजुएशन (स्नातक) के पहले वर्ष में 80, 85 या 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार होगी। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती चरण में उन छात्राओं को प्राथमिकता दी जा सकती है जो इस समय अपने कोर्स के फाइनल ईयर (अंतिम वर्ष) में पढ़ाई कर रही हैं।
आय सीमा और निवासी होने की जरूरी शर्तें
इस योजना का लाभ केवल उन छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार की सालाना आमदनी 12 लाख रुपये से कम है। इसके साथ ही, छात्रा का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना और किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या कॉलेज में नियमित (रेगुलर) कोर्स में दाखिला होना अनिवार्य है। पत्राचार या दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस लर्निंग) से पढ़ाई करने वाली छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
आवेदन के लिए तैयार रखने होंगे ये कागज
उच्च शिक्षा विभाग जल्द ही योजना के लिए आधिकारिक पोर्टल और दिशा-निर्देश जारी करेगा। योजना में आवेदन करने के लिए छात्राओं को अपना आधार कार्ड, यूपी का निवास प्रमाण पत्र, परिवार का आय प्रमाण पत्र, कॉलेज का आईडी कार्ड या प्रवेश रसीद, 10वीं और 12वीं कक्षा की मार्कशीट तैयार रखनी होगी। इसके अलावा, आधार से जुड़ा हुआ खुद का बैंक खाता, पासपोर्ट साइज फोटो और चालू मोबाइल नंबर भी देना होगा।
