https://www.choptaplus.in/

सिरसा के गाँव गुसाईआना में जैव विविधता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जलवायु परिवर्तन, वन कटाई और प्रदूषण जैसी समस्याएं वन्य जीवों के लिए गंभीर खतरा - विनोद बिश्नोई 
 
जैव विविधता प्रबंधन समिति, गुसाईआना
जैव विविधता प्रबंधन समिति, गुसाईआना

चोपटा। जैव विविधता प्रबंधन समिति, गुसाईआना द्वारा विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत एवं विद्यालय के सहयोग से एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैव विविधता प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पूर्व सरपंच विनोद बिश्नोई गुसाईआना ने कहा कि विश्व वन्यजीव दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने बताया कि 2013 में 3 मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस घोषित किया गया था और 2014 में इसे पहली बार वैश्विक स्तर पर मनाया गया। उन्होंने जानकारी दी कि 3 मार्च 1973 को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसका उद्देश्य संकटग्रस्त प्रजातियों को अवैध व्यापार से संरक्षण प्रदान करना है।

विनोद कुमार ने कहा कि आज के समय में जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्रदूषण जैसी समस्याएं वन्यजीवों के अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। ऐसे में गांव स्तर पर जागरूकता और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे ‘प्रकृति मित्र’ बनकर अपने आस्-पास के पेड़-पौधों, पक्षियों और जीव-जंतुओं की रक्षा करें। उन्होंने यह भी बताया कि समिति हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के मार्गदर्शन में गांव की स्थानीय प्रजातियों का संरक्षण, पीपुल्स बायोडायवर्सिटी का संकलन, पौधारोपण अभियान, जल संरक्षण गतिविधियां तथा पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित कर रही है।

जैव विविधता व वन्यजीवों के संरक्षण की ली शपथ

कार्यक्रम के दौरान गांव में पौधारोपण किया गया, विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर भाषण एवं पोस्टर प्रस्तुति दी। इस दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई गई। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में संकल्प लिया कि जैव विविधता संरक्षण को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे निरंतर जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि गांव की प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित और समृद्ध बनी रहे। कार्यक्रम में सरपंच रघुवीर गुसार्इंयाणा, स्कूल मुख्याअध्यापक व स्टाफ सदस्य , जैव विविधता प्रबंधन कमेटी सदस्य बृजलाल माली, रामसिंह खोड, पवन माली, रामपाल, महावीर, सुनील शर्मा, मुकेश सोनी, राजेश शर्मा व रजनीश जांगड़ा मौजूद रहे।

Rajasthan