https://www.choptaplus.in/

हार्ट का इलाज करने वाले डॉक्टर को आया हार्ट अटैक, डॉ. आदित्य बत्रा का निधन

 
होली हार्ट अस्पताल के संचालक और भाजपा नेता डॉ. आदित्य बत्रा का हृदय गति रुकने से निधन

रोहतक के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ, होली हार्ट अस्पताल के संचालक एवं भाजपा कार्यकर्ता डॉ. आदित्य बत्रा का बुधवार देर रात हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) से निधन हो गया। बुधवार रात करीब 11 बजे घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूरी रात उन्हें बचाने का प्रयास किया। तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया

परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे डॉ. बत्रा बाथरूम गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनकी पत्नी ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद गार्ड को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया और उन्हें तत्काल होली हार्ट हॉस्पिटल ले जाया गया।

डॉ बत्रा को अटैक की सूचना मिलते ही शहर के सभी बड़े चिकित्सक अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने पूरी रात सीपीआर और अन्य आवश्यक उपचार देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद तड़के करीब 3:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनका निधन हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) के कारण हुआ।

डॉ. आदित्य बत्रा रोहतक के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ थे। चिकित्सा क्षेत्र में उनकी सेवाओं के साथ-साथ उनका सरल स्वभाव और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहने की भावना उन्हें लोगों के बीच विशेष पहचान दिलाती थी। निजी अस्पताल होने के बावजूद वे मरीजों के उपचार में आर्थिक स्थिति को कभी प्राथमिकता नहीं देते थे।

उनके निधन से शहर ने एक कुशल चिकित्सक, संवेदनशील समाजसेवी और मिलनसार व्यक्तित्व को खो दिया।

Rajasthan