https://www.choptaplus.in/

फतेहाबाद में गैस के बाद अब पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत, पंपों पर लगी गाड़ियों की लंबी कतारें, पुलिस तैनात

 
Fatehabad Petrol Pump Crowd Fuel Shortage

फतेहाबाद: रसोई गैस की परेशानी झेल रहे फतेहाबाद के लोगों के लिए अब एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। शहर में अचानक ईंधन की सप्लाई रुकने से हाहाकार मच गया है। फतेहाबाद में पेट्रोल डीजल की किल्लत की खबर फैलते ही तेल भरवाने के लिए पंपों पर गाड़ियों और दोपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लग गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) और कई प्राइवेट कंपनियों के पंपों पर तेल बिल्कुल खत्म हो गया है। बस स्टैंड के पास स्थित खुशीराम परमानंद पंप पर दोपहर एक बजे ही तेल देना बंद कर दिया गया। मजबूरी में लोगों को बिना तेल डलवाए ही बैरंग लौटना पड़ रहा है।

इसी तरह सिरसा रोड पर मौजूद एचपीसीएल के पंप पर भी डीजल नहीं होने से वाहन चालकों की परेशानी काफी बढ़ गई है। शहर के बाहरी इलाकों और मुख्य हाईवे पर भी पेट्रोल पंपों के बाहर भारी जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

खुशीराम परमानंद पंप के संचालक संजीव मोंगा ने बताया कि पिछले दो-तीन दिन से पानीपत रिफाइनरी से उनके पंपों को तेल की कोई गाड़ी नहीं मिली है। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि फतेहाबाद में बीपीसीएल और एचपीसीएल को तेल की सप्लाई असल में इंडियन ऑयल (आईओसीएल) ही करता है।

जब भी पीछे से सप्लाई में कोई दिक्कत आती है, तो आईओसीएल दूसरी कंपनियों का तेल रोककर सिर्फ अपने पंपों पर सप्लाई चालू रखता है। इसी वजह से हिंदुस्तान और भारत पेट्रोलियम के पंप पूरी तरह से सूख गए हैं।

इंडियन ऑयल के पंपों पर तेल तो आ रहा है, लेकिन वहां भी ग्राहकों को एक तय लिमिट में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। तेल खत्म होने के डर से लोगों में काफी बेचैनी है और वे किसी भी कीमत पर अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवाना चाहते हैं।

पंपों पर हालात बिगड़ने और लोगों के बीच धक्का-मुक्की की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को काबू करने और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने में जुटे हुए हैं।
 

Rajasthan