पीलीमंदोरी की होनहार खिलाड़ी जानवी माचरा का राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम में चयन, अंडर-14 वर्ग में दिखाएंगी दमखम
फतेहाबाद, 23 नवंबर।: जिले के भट्टू कलां क्षेत्र के गांव पीलीमंदोरी की होनहार खिलाड़ी जानवी माचरा ने खेल के मैदान में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव निवासी उमेद माचरा की पुत्री जानवी माचरा का चयन अंडर-14 राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम में हुआ है। इस बड़ी उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव पीलीमंदोरी और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कड़ी मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम
जानवी माचरा लंबे समय से वॉलीबॉल का नियमित अभ्यास कर रही थीं। उनकी लगातार मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का ही नतीजा है कि उन्हें अंडर-14 वर्ग की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। अब वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपने खेल का दमखम दिखाएंगी।
गांव और क्षेत्र से मिल रहीं शुभकामनाएं
जानवी के चयन पर उनके पिता उमेद माचरा और पूरे परिवार को ग्रामीणों, खेल प्रेमियों व क्षेत्र के गणमान्य लोगों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं। गौरतलब है कि गांव पीलीमंदोरी पहले से ही वॉलीबॉल खेल के प्रति अपने जुनून के लिए जाना जाता है और यहां समय-समय पर बड़े वॉलीबॉल टूर्नामेंट आयोजित होते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जानवी की यह सफलता गांव की अन्य बेटियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। सभी ने उम्मीद जताई है कि जानवी राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गांव, जिले और हरियाणा का नाम रोशन करेंगी।

