फतेहाबाद पुलिस की तैयारियां परखने पहुंचे IG हमीद अख्तर, दंगा नियंत्रण का लिया जायजा
फतेहाबाद, 27 अक्टूबर। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हमीद अख्तर ने मंगलवार को पुलिस लाइन फतेहाबाद का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आईजी ने पुलिस जवानों की सलामी ली और उनकी कार्यकुशलता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जवानों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आंसू गैस और केन शील्ड के इस्तेमाल का व्यावहारिक अभ्यास किया। आईजी ने दंगा-रोधी वाहन वज्रा सहित अन्य पुलिस वाहनों और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की।
इसके बाद आईजी हमीद अख्तर ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने जवानों को संयम, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

आईजी ने फतेहाबाद पुलिस की तैयारियों, अनुशासन और आमजन की सुरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की। एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि जिले में शांति बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर एएसपी मुख्यालय दिव्वाशीं सिंगला, डीएसपी जगदीश चंद्र, जयभगवान, जयसिंह, नर सिंह, कुलवंत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

