https://www.choptaplus.in/

फतेहाबाद: SP ने उल्लेखनीय कार्य के लिए SHO को किया था सम्मानित और 15 दिन बाद दर्ज हो गई FIR

 
फतेहाबाद सदर थाना मालखाने से शराब गायब होने के मामले में पूर्व SHO प्रहलाद सिंह पर FIR दर्ज

फतेहाबाद/चंडीगढ़। फतेहाबाद के सदर थाना मालखाने से शराब की पेटियां गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस विभाग ने इस मामले में सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी निकिता खट्टर के निर्देश पर मामले की जांच एएसपी दिव्यांशी सिंगला को सौंपी गई है।

शराब पेटियां गायब, रिकॉर्ड मिलान में खुली पोल

मालखाने की पेटियों का हर साल रिकॉर्ड मिलान किया जाता है। तीन दिन पहले हुए इस मिलान में सूत्रों  के अनुसार 160 शराब की पेटियां कम मिलीं। एसपी निकिता खट्टर ने इसकी जांच करवाई तो पूरा मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, मालखाने में जब्त शराब की पेटियां रखी जाती हैं, जिनका सही-सही रिकॉर्ड रखा जाता है।

एसपी ने की सख्त कार्रवाई, थाना प्रभारी हटाए

मामला पकड़ में आते ही एसपी निकिता खट्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। शुक्रवार शाम को ही सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह को पुलिस लाइन में ट्रांसफर कर दिया गया। उनकी जगह एसएचओ रतिया को सदर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही, एसपी ने पूरे सदर थाने के स्टाफ को बदलने के आदेश दे दिए।

एसआईटी गठित, एएसपी को सौंपी जांच

एसपी निकिता खट्टर ने मामले की गहन जांच के लिए एएसपी दिव्यांशी सिंगला के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने मालखाने का निरीक्षण भी किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में कई और पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

15 दिन पहले एसपी ने किया था सम्मानित

हैरानी की बात यह है कि एसपी निकिता खट्टर ने ही करीब 15 दिन पहले प्रहलाद सिंह को उल्लेखनीय कार्य करने पर सम्मानित किया था। सम्मान मिलने के कुछ ही दिनों बाद यह मामला सामने आया है।

फतेहाबाद सदर थाना मालखाने से शराब गायब होने के मामले में पूर्व SHO प्रहलाद सिंह पर FIR दर्ज

एफआईआर दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने प्रहलाद सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 256 और 316(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
 

Rajasthan