हरियाणा में भीषण सड़क हादसा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तीन महिलाओं सहित चार की मौत
हरियाणा में एक सड़क हादसे में दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल, मंडीखेड़ा में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के अंतर्गत गांव बघोला के पास एक्सप्रेसवे के चैनल/पिलर नंबर-64 पर दिल्ली की ओर जा रही एक अल्काजार कार सामने खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं एक बच्चा और कार चालक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मंडीखेड़ा स्थित अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।प्रथम जानकारी के अनुसार दुर्घटना सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार के टकराने के कारण हुई। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
