https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में सनसनीखेज मामला: घरेलू विवाद में पति बना हैवान

 
गुरुग्राम के भांगरौला गांव में महिला की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करती खेड़की दौला थाना पुलिस की टीम।
Haryana News: साइबर सिटी गुरुग्राम के मानेसर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भांगरौला गांव में बुधवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को घर से महज 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे फेंक दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घरेलू कलह बनी हत्या की वजह

मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी रेखा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रेखा अपने पति गौरव के साथ भांगरौला गांव में किराये के मकान में रह रही थी। दोनों की अरेंज मैरिज हुई थी। आरोपी गौरव मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। आसपास के लोगों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर घरेलू विवाद होता रहता था। बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात पर भयंकर झगड़ा हुआ था।

चाकू से कई वार कर उतारा मौत के घाट

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर गौरव ने आपा खो दिया। उसने घर में रखे चाकू से रेखा पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जुर्म छिपाने की नीयत से आरोपी ने खून से लथपथ शव को घर से बाहर ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया और वहां से भाग निकला। सड़क किनारे महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत स्थानीय पुलिस को इत्तला दी गई।

पुलिस की दबिश जारी मोबाइल आ रहा बंद

सूचना पाते ही खेड़की दौला थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद मृतका के परिजनों को बरेली में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी गौरव वारदात के बाद से ही फरार है और उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है। आरोपी पति की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इसके साथ ही आरोपी के भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।
 

Rajasthan