Haryana News: हरियाणा में भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, 239 मामले दर्ज; 200 अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़े गए
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस साल अब तक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से जुड़े 239 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 200 अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़े गए हैं। वहीं, आरोपितों के खिलाफ अदालतों में 375 चालान भी पेश किए जा चुके हैं।
ब्यूरो के प्रमुख एएस चावला के मुताबिक, भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई करने के साथ-साथ जांच को समय पर पूरा करने और आरोपितों के खिलाफ अदालत में मजबूत पैरवी करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
गुरुग्राम में रिश्वतखोरी के सबसे ज्यादा मामले
जारी आंकड़ों के अनुसार, रिश्वत लेने के मामलों में गुरुग्राम सबसे आगे रहा है। यहां 41 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद हिसार में 39 और रोहतक में 37 मामले सामने आए हैं।
अन्य जिलों की बात करें तो करनाल में 30, फरीदाबाद में 28, अंबाला में 18 और पंचकूला में रिश्वतखोरी के सात मामले दर्ज किए गए हैं।
अदालतों में पेश किए गए 375 चालान
भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई के बाद कानूनी प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। अब तक अदालतों में कुल 375 चालान दाखिल किए गए हैं। इनमें 212 मुख्य चालान और 163 सप्लीमेंट्री चालान शामिल हैं।
ब्यूरो के अनुसार, दर्ज किए गए सभी 239 मामलों की एफआईआर हरसमय पोर्टल पर अपलोड की गई हैं, ताकि संबंधित जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहे।
रिश्वत मांगे तो इन नंबरों पर करें शिकायत
अगर कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम को करने के बदले रिश्वत मांगता है, तो नागरिक इसकी शिकायत सीधे हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से कर सकते हैं।
शिकायत के लिए ये माध्यम उपलब्ध हैं:
टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1064
हेल्पलाइन नंबर: 1800-180-2022
वॉट्सऐप नंबर: 94178-91064
इसके अलावा 'सतर्क-हरियाणा' मोबाइल ऐप के जरिए भी भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस ऐप पर शिकायत के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ जैसे सबूत भी साझा करने की सुविधा है।
ब्यूरो ने लोगों से अपील की है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने की स्थिति में चुप न रहें और इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।

