हरियाणा के कर्मचारियों-पेंशनरों के लिए बड़ी खबर: अब पंजाब के इन 4 बड़े अस्पतालों में भी करा सकेंगे गंभीर बीमारियों का इलाज
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके आश्रितों को अब कैंसर, लिवर और रीढ़ की गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पंजाब के चार प्रमुख अस्पतालों की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की पहल पर राज्य सरकार ने इन अस्पतालों को उपचार के लिए आधिकारिक तौर पर सूचीबद्ध (एम्पैनल) कर लिया है। इन सूचीबद्ध अस्पतालों में विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
टाटा मेमोरियल सेंटर की यूनिट सहित पंजाब के 4 अस्पताल किए गए एम्पैनल
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि जिन चार अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है, उनमें मुल्लांपुर और संगरूर स्थित 'होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल' शामिल हैं। ये दोनों अस्पताल मुंबई के टाटा मेमोरियल सेंटर की यूनिट हैं। इसके अलावा मोहाली के सेक्टर 70 स्थित 'रीजनल स्पाइनल इंजरीज सेंटर' और फेज 3बी1 स्थित 'पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ़ लिवर एंड बिलियरी साइंस' को भी इस सूची में जोड़ा गया है। इन सभी अस्पतालों में कैंसर, रीढ़ की चोट और लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियों का उच्च स्तरीय इलाज उपलब्ध है।
आपात स्थिति में मिलेगी आईसीयू, एंबुलेंस और बर्न यूनिट की विशेष सुविधा
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, सरकार द्वारा जारी निर्देशों में यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, आपदा, महामारी या सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ने पर ये सूचीबद्ध अस्पताल जरूरत के हिसाब से सुविधाएं देंगे। इनमें एंबुलेंस, आईसीयू/सीसीयू, बर्न यूनिट, वार्ड, बेड और मोर्चरी की सुविधाएं शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनरों और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह निर्देश पत्र जारी होने की तिथि से ही प्रभावी हो गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से भी प्राप्त की जा सकती है।
