https://www.choptaplus.in/

हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना व फसल मुआवजा की राशी की जारी, फटाफट चेक करें अपना खाता

 
हरियाणा लाडो लक्ष्मी योजना 7वीं किस्त Lado Lakshmi Yojana 7th installment distribution Haryana May 2026

चण्डीगढ़। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को लाडो लक्ष्मी योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधी ट्रांसफर कर दी है। इस कदम से राज्य की करीब 9 लाख 76 हजार महिलाओं समेत 50 लाख से अधिक लोग सीधे तौर पर लाभान्वित हुए हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप रातुसरिया ने सिरसा में जारी एक प्रेस बयान में बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

लाडो लक्ष्मी और सामाजिक सुरक्षा पेंशन का वितरण

प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई लाडो लक्ष्मी योजना की सातवीं किस्त आज जारी की गई है। प्रदीप रातुसरिया के अनुसार, इस योजना के तहत 9 लाख 76 हजार लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल 205 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है। वहीं, सामाजिक सुरक्षा के दायरे को बढ़ाते हुए 18 अलग-अलग श्रेणियों की पेंशन के माध्यम से 1146 करोड़ 73 लाख रुपये वितरित किए गए हैं। इस बड़ी राशि का लाभ प्रदेश के 35 लाख 62 हजार बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं को मिला है, जिससे उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी।

विद्यार्थियों और अंत्योदय परिवारों को मिली बड़ी राहत

शिक्षा के क्षेत्र में अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के छात्रों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने छात्रवृत्ति पोर्टल को केंद्र के राष्ट्रीय पोर्टल से जोड़ दिया है। रातुसरिया ने जानकारी दी कि 64 हजार 923 विद्यार्थियों को 100 करोड़ 45 लाख रुपये की छात्रवृत्ति का भुगतान किया गया है। इसके अलावा, दयालु योजना के माध्यम से 5677 परिवारों के खातों में 215 करोड़ 29 लाख रुपये भेजे गए हैं। यह योजना उन परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है जिन्होंने अपने कमाऊ सदस्य को खोया है या जो स्थायी दिव्यांगता का शिकार हुए हैं।

किसानों के लिए 370 करोड़ का फसल मुआवजा

खेती-किसानी के लिए सरकार ने खजाना खोलते हुए खरीफ 2025 की फसल नुकसान की भरपाई के लिए 370 करोड़ 52 लाख रुपये की मुआवजा राशि जारी की है। यह राशि सीधे 1,50,583 किसानों के बैंक खातों में जमा की गई है। भाजपा नेता ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को कुल 9,888 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम दिया जा चुका है। वहीं, भावांतर भरपाई योजना के अंतर्गत आलू और फूलगोभी की खेती करने वाले 5296 किसानों को 38 करोड़ 88 लाख रुपये वितरित किए गए हैं।  

हरियाणा बड़ा गेहूं खरीद घोटालाः करनाल में बाहरी राज्यों की गेहूं हरियाणा के किसानों के नाम दिखा घोटाला, 5 फर्मों पर केस दर्ज

गैस सब्सिडी और जे-फार्म की नई डिजिटल व्यवस्था

घरेलू मोर्चे पर राहत देते हुए 11 लाख 23 हजार बहनों के खातों में गैस सिलेंडर की सब्सिडी के 38 करोड़ 54 लाख रुपये डाले गए हैं। सिस्टम में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने रबी सीजन की एमएसपी पर खरीदी गई फसलों के जे-फार्म सीधे किसानों के व्हाट्सएप नंबर पर भेजने के लिए एक विशेष ऐप शुरू किया है। वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप रातुसरिया ने कहा, "अब किसानों को जे-फार्म के लिए आढ़तियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, इससे समय की बचत होगी और भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।"

सरकार की ओर से जारी यह लाभ राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी गई है, जिससे बीच में किसी भी प्रकार की कटौती की गुंजाइश खत्म हो गई है। आने वाले दिनों में शेष रहे आवेदकों के सत्यापन के बाद उन्हें भी जल्द ही राशि का भुगतान किया जाएगा।
 

Rajasthan