हरियाणा में 2 अलग-अलग हादसों में पिता-पुत्र समेत 6 की मौत
चंडीगढ़/कैथल/नूंह: हरियाणा में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और कुल छह लोगों की जान ले ली। कैथल जिले के कलायत में जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर एक कार के पुलिया से टकराने से जयपुर के एक ही परिवार के तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
कलायत में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, भागने के चक्कर में घायलों को दोबारा कुचला
पहला दर्दनाक हादसा कैथल जिले के कलायत स्थित अनाज मंडी में विर्क प्लेस के सामने रात करीब नौ बजे हुआ। कलायत निवासी 40 वर्षीय अरविंद, अपने 10 वर्षीय बेटे अनुग्रह उर्फ हनी और गांव कोलेखा निवासी 35 वर्षीय भुट्टो के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर कलायत की ओर आ रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक ने मौके से भागने के प्रयास में सड़क पर गिरे तीनों घायलों को दोबारा गाड़ी की चपेट में ले लिया और वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को कलायत के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक अरविंद अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है, जिनमें से दूसरा बेटा घटना के समय अपनी मां के साथ गया हुआ था और इसी वजह से उसकी जान बच गई। वहीं ट्रैक्टर चालक भुट्टो के भाई मेजर ने बताया कि उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैथल नागरिक अस्पताल भेजा गया है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश जारी है।
नूंह में दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर पुलिया से टकराई कार, जयपुर के तीन लोगों की मौत
उधर, दूसरे भीषण सड़क हादसे में नूंह जिले की सीमा से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रकबा साईमीरवास चैनल नंबर 77.05 के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दुर्घटना में जयपुर निवासी मेहताब सिंह पुत्र महेंद्र सिंह और जसलीन कौर पत्नी वीरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रात के समय स्थानीय लोगों, अन्य वाहन चालकों और रोड सुरक्षा एजेंसी की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की कुल संख्या तीन हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार तीसरे मृतक की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और कार सवार सभी लोग जयपुर के रहने वाले तथा एक ही परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल में रखवाया गया है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

