हिसार के लाडवा की बेटी सुरक्षा भारतीय महिला हैंडबॉल टीम में चयनित, कजाकिस्तान में एशियन चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम
हिसार: जिले के गांव लाडवा की बेटी सुरक्षा ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन 21वीं एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय महिला टीम में हुआ है। सुरक्षा 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक कजाकिस्तान के अल्माटी में आयोजित हो रही इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन की खबर से लाडवा गांव सहित पूरे हिसार क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ग्रुप-बी में भारत, जानें पूरा मैच शेड्यूल और वर्ल्ड कप का समीकरण
इस टूर्नामेंट में कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कजाकिस्तान तीसरी बार इस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। भारतीय टीम को ग्रुप-बी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला मेजबान कजाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया और उज्बेकिस्तान से होगा। ग्रुप-ए में जापान, ईरान, चीन, हांगकांग-चीन, बांग्लादेश और थाईलैंड की टीमें शामिल हैं।
भारतीय महिला टीम का ग्रुप-स्टेज शेड्यूल इस प्रकार है:
| दिनांक | मुकाबला |
| 24 नवंबर 2026 | भारत बनाम कजाकिस्तान |
| 25 नवंबर 2026 | भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया |
| 27 नवंबर 2026 | भारत बनाम दक्षिण कोरिया |
| 28 नवंबर 2026 | भारत बनाम उज्बेकिस्तान |
ग्रुप-बी की पांच टीमों में से शीर्ष चार टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी। वहीं, पूरी चैंपियनशिप में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सीधे 28वीं आईएचएफ महिला विश्व हैंडबॉल चैंपियनशिप-2027 के लिए क्वालीफाई करेंगी, जिसका आयोजन हंगरी में 30 नवंबर से 19 दिसंबर 2027 तक किया जाएगा। इस लिहाज से भारतीय टीम के लिए यह प्रतियोगिता बेहद अहम मानी जा रही है।
खेल कोटे से रेलवे में कार्यरत हैं सुरक्षा
लाडवा के हैंडबॉल कोच अशोक पूनिया और महावीर पूनिया ने बताया कि सुरक्षा इससे पहले भी कई राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की है। सुरक्षा वर्तमान में खेल कोटे से भारतीय रेलवे में सेवाएं दे रही हैं।
गांव और खेल जगत में जश्न का माहौल
ग्राम पंचायत लाडवा के सरपंच रामफल पूनिया ने सुरक्षा की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि गांव की बेटियां अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। सुरक्षा की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
इस उपलब्धि पर पूर्व वरिष्ठ साई हैंडबॉल कोच स्वरूप सिंह चहल, कोच सतपाल ढांडा, डीपीई कुलदीप नैन, डीपीई दीपक पंवार, जिला परिषद सदस्य जसबीर लाडवा, पूर्व क्रिकेटर कुलदीप पूनिया, सुरजीत पूनिया, प्रदीप लांबा, कोच संदीप पूनिया, नवीन पूनिया, किन्नू शास्त्री, कबड्डी कोच राहुल लांबा, रणबीर फौजी और पंच साधुराम श्योरण सहित अनेक ग्रामीणों ने सुरक्षा व उनके परिवार को बधाई दी।

