https://www.choptaplus.in/

हिसार ट्रैफिक पुलिस ने कायम की ईमानदारी की मिसाल, लावारिस मोबाइल असली मालिक को लौटाया

 
हिसार ट्रैफिक पुलिस के होमगार्ड सत्यनारायण लावारिस मोबाइल असली मालिक को लौटाते हुए

हिसार ट्रैफिक पुलिस के एक होमगार्ड जवान की ईमानदारी ने पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत किया है। जिंदल नाका पर यातायात ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान सत्यनारायण को एक मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिला। उन्होंने बिना देर किए मोबाइल के वास्तविक मालिक का पता लगाया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सुरक्षित मोबाइल उसके हवाले कर दिया।

मोबाइल वापस मिलने पर उसके मालिक ने हिसार पुलिस और ट्रैफिक पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की ईमानदारी और तत्परता ने उनका विश्वास और मजबूत किया है।

इस मौके पर एसपी सिद्धान्त जैन ने होमगार्ड जवान सत्यनारायण की सराहना करते हुए कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनसेवा और जनता का विश्वास जीतना भी है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ किया गया यह कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

एसपी ने आमजन से अपील की कि यदि किसी को कोई गुमशुदा वस्तु मिले तो उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाना या पुलिसकर्मी को सौंपें, ताकि वह सुरक्षित उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाई जा सके।

Rajasthan