हवाई हमले से केसे बचाई जाएगी लोगो की जान ? सिरसा में परखी तैयारियां
सिरसा । हरियाणा होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में हवाई हमले की स्थिति से निपटने के लिए नागरिक सुरक्षा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना तथा विभिन्न विभागों की राहत एवं बचाव कार्यों संबंधी तैयारियों और आपसी समन्वय को परखना था।
आग पर काबु पाने जैसी स्थिति का अभ्यास किया
इस दौरान हवाई हमले के भवन क्षतिग्रस्त होने, घायलों को जल्द निकालने व आग पर काबु पाने जैसी स्थिति का अभ्यास किया गया। हमले में 10 लोगों के घायल होने की सूचना थी, जिनमें से छह को अस्पताल भेजा गया और चार को प्राथमिक उपचार दिया गया।
आग पर काबु पाने जैसी स्थिति का अभ्यास किया
मॉक एक्सरसाइज के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक आपात स्थिति उत्पन्न कर विभिन्न राहत एवं बचाव गतिविधियों का अभ्यास किया गया। नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त भवन की प्रथम मंजिल से फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। वहीं, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवकों ने घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। अग्निशमन विभाग की टीम ने भी आगजनी की संभावित स्थिति से निपटने और आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने बेहतर आपसी तालमेल एवं तत्परता के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, घायलों की सुरक्षित निकासी तथा जान-माल की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का अभ्यास किया गया। साथ ही, आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने और राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने संबंधी तैयारियों को भी परखा गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर डीएसपी सुभाष, नागरिक सुरक्षा अधीक्षक सुनील कुमार, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहायक सचिव गुरमीत सैनी, फायर ऑफिसर मोहित, फायर इंचार्ज ऋषि सिहाग, स्काउट से सुखदेव सिंह ढिल्लो, चिकित्सा अधिकारी रणधीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

