https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में गेहूं खरीद केंद्रों को लेकर इनेलो का अल्टीमेटम: अभय चौटाला ने की CM सैनी से मुलाकात, हुड्डा पर तीखा प्रहार

 
अभय सिंह चौटाला और सीएम नायब सैनी की चंडीगढ़ में मुलाकात

मुख्य बातेंः

  • इनेलो प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ में CM से मुलाकात कर गेहूं खरीद केंद्रों को तुरंत शुरू करने का सौंपा ज्ञापन।
  • अभय चौटाला का अल्टीमेटम: एक हफ्ते में खरीद केंद्र बंद करने का आदेश वापस नहीं हुआ, तो प्रदेश में होगा आंदोलन।
  • राज्यसभा चुनाव और SYL निर्माण के बजट को लेकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मुख्यमंत्री नायब सैनी पर साधा निशाना।

चंडीगढ़ (Chopta Plus): इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने 12 मार्च को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इनेलो द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में हरियाणा की मंडियों के खरीद केंद्रों में मार्केट कमेटियों द्वारा लाइसेंस न देने और किसानों को फसल बेचने में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया गया है। मुलाकात के बाद अभय चौटाला ने प्रेस को संबोधित करते हुए अपनी मांगों और राजनीतिक मुद्दों पर जानकारी दी।

खरीद केंद्रों को लेकर सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार ने एक आदेश जारी कर दूरदराज के इलाकों में बने गेहूं खरीद केंद्रों को बंद करने और पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगा दी है। सरकार ने स्थानीय केंद्रों पर बायोमेट्रिक अनिवार्य कर दिया है, जो बिना चारदीवारी के संभव नहीं है। इन केंद्रों के बंद होने से 9000 लाइसेंस धारकों और उन पर निर्भर रोजगार प्रभावित होंगे, साथ ही किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। चौटाला के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि खरीद केंद्र बंद नहीं किए जाएंगे और वे अधिकारियों से बात करेंगे। इनेलो ने चेतावनी दी है कि यदि एक हफ्ते में आदेश वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन शुरू करेगी।

Abhay Chautala and CM Nayab Saini Chandigarh Meeting

भिवानी और पलवल समेत इन जिलों में सरसों खरीद की मांग

इनेलो नेता ने प्रदेश में सरसों की खरीद का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने मांग की कि हरियाणा में 12 मार्च से ही सरसों की खरीद शुरू की जाए, क्योंकि भिवानी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, पलवल और नूंह जैसे जिलों में फसल समय से पहले पक कर तैयार हो चुकी है। इस मांग पर भी मुख्यमंत्री ने जल्द फैसला लेने का आश्वासन दिया है।

'हुड्डा ने अपनी पार्टी के नेताओं को प्रताड़ित कर छोड़ने पर मजबूर किया'

राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में अभय चौटाला ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए। इनेलो को बीजेपी की 'बी टीम' कहे जाने पर पलटवार करते हुए चौटाला ने कहा कि हुड्डा ने ही पूर्व कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई और किरण चौधरी को प्रताड़ित कर पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया, जिससे राज्यसभा चुनाव के नतीजे बदले। उन्होंने हुड्डा को 'स्याही कांड' की याद दिलाते हुए पूछा कि स्याही किसने बदली थी। चौटाला ने आरोप लगाया कि दो बार के मुख्यमंत्री और वकील होने के बावजूद हुड्डा ने अपना बैलट खाली छोड़ा था और प्रदेश की जनता मानती है कि हुड्डा ने ही तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनवाई है।

अभय सिंह चौटाला और सीएम नायब सैनी की चंडीगढ़ में मुलाकात

हरियाणा BJP में होने जा रहा है बड़ा बदलाव? CM नायब सैनी के दिल्ली दौरे ने बढ़ाई राजनीतिक सरगर्मी

SYL के बजट पर CM का आत्मसमर्पण, गैस की कालाबाजारी रोके सरकार

आगामी वित्त वर्ष के बजट में सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान न होने पर इनेलो ने कड़ी आपत्ति जताई है। चौटाला ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केंद्रीय नेतृत्व के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है और उन्हें हरियाणा के हितों से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा के मेनिफेस्टो में हरियाणा को पानी न देने की बात कही गई है, फिर भी मुख्यमंत्री वहां जाकर वोट मांगते हैं। इसके अलावा, चौटाला ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और अफवाहों पर लगाम लगाकर जनता को राहत देने की मांग भी प्रशासन से की है।
 

Rajasthan