सिरसा के खेड़ी गांव का बड़ा फैसला: अब डीजे बजाया या गंदगी फैलाई तो कटेगा भारी चालान, पंचायत ने लागू किए 9 कड़े नियम
सिरसा (हरियाणा): जिला के खंड नाथूसरी चौपटा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत खेड़ी ने गांव की मर्यादा और सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एक ऐतिहासिक और सख्त निर्णय लिया है। सरपंच सुरेश कुमार पुनिया की अध्यक्षता में 6 मार्च 2026 को हुई ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से 9 नए नियम लागू किए गए हैं। इन नियमों के तहत अब गांव में तेज आवाज में डीजे बजाने, अवैध शराब बेचने, सरेआम गंदगी फेंकने और यहां तक कि भीख मांगने पर भी भारी जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों से 500 रुपये से लेकर 5100 रुपये तक की जुर्माना राशि वसूली जाएगी, जिसका उपयोग गांव की गौशाला और विकास कार्यों में होगा।
पंचायत ने फैसला लिया है कि अब शादियों या अन्य समारोहों में डीजे (DJ) पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अगर कोई ट्रैक्टर या अन्य वाहनों पर तेज आवाज में म्यूजिक बजाता पाया गया, तो उस पर 5100 रुपये का भारी जुर्माना लगेगा। यह राशि सीधे गांव की गौशाला में जमा कराई जाएगी। पंचायत का मानना है कि इससे ध्वनि प्रदूषण कम होगा और बुजुर्गों व विद्यार्थियों को शांति मिलेगी।
गांव में अवैध शराब और चिट्टा (नशा) बेचने वालों के खिलाफ अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। यदि कोई नशा बेचते पकड़ा जाता है, तो उस पर 5100 रुपये जुर्माना होगा और उसकी जमानत भी पंचायत की तरफ से कोई नहीं कराएगा। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों या श्मशान भूमि के पास कूड़ा फेंकने पर 500 रुपये और शादी का डिस्पोजल कचरा गलत जगह डालने पर 1100 रुपये जुर्माना देना होगा।
गांव में अनुशासन बनाए रखने के लिए बाहरी एरिया से आने वाले 'आश्रम' या 'समाज सेवा' के नाम पर चंदा इकट्ठा करने वालों पर रोक लगा दी गई है। अब गांव की ओर से इन्हें कोई अनाज या चंदा नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, गांव की सीमा के भीतर भीख मांगने पर भी पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है ताकि फर्जीवाड़ा रोका जा सके।
सामाजिक तालमेल बिठाने के लिए पंचायत ने किन्नरों के लिए भी एक राशि निर्धारित की है। अब बच्चे के जन्म या शादी-विवाह के खुशी के मौके पर किन्नरों को 1100 रुपये की राशि तय की गई है। इससे ज्यादा की मांग करने या जबरदस्ती करने पर रोक लगाने की कोशिश की गई है ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न झेलना पड़े।
इन सभी नियमों को लागू करने और निगरानी रखने के लिए गांव के 21 गणमान्य व्यक्तियों की एक विशेष कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में छबीला राम, रामजी लाल, हरदत्त पुनिया, विजय सिंह और प्रताप नंबरदार सहित कई प्रमुख ग्रामीणों को शामिल किया गया है। अंत में सरपंच और कमेटी सदस्यों के हस्ताक्षर के साथ इस प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
