हरियाणा के कुरुक्षेत्र को मिली 28 KM लंबे बाईपास की सौगात, इंदबरी से मथाना तक बनेगा नया हाईवे
कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र शहर को ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत दिलाने के लिए लगभग 28 किलोमीटर लंबी नई बाईपास परियोजना की आधिकारिक घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने इस महात्वाकांक्षी सड़क परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का विशेष आभार व्यक्त किया है।
लंबे समय से लंबित इस परियोजना के सिरे चढ़ने से कुरुक्षेत्र के पिपली (Pipli) चौक सहित शहर के भीतरी हिस्सों में भारी वाहनों का दबाव पूरी तरह से खत्म हो जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम हो सकेगा।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और सड़क परिवहन मंत्रालय की रूपरेखा के अनुसार, यह 28 किलोमीटर लंबा बाईपास ऐतिहासिक स्थल ज्योतिसर के समीप स्थित गांव इंदबरी से शुरू होगा। यहां से यह बाईपास कुरुक्षेत्र शहर के बाहरी दक्षिणी हिस्से से गुजरते हुए स्टेट हाईवे-6 (SH-6), प्रमुख जिला सड़क-119 (MDR-119), किर्मच रोड और अमीन रोड को क्रॉस करते हुए सीधा नेशनल हाईवे-44 (NH-44) से जुड़ेगा और अंत में मथाना (स्टेट हाईवे-6) पर जाकर समाप्त होगा।
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने लगभग 28 किलोमीटर लंबी कुरुक्षेत्र बाईपास परियोजना के लिए प्रधानमंत्री श्री @narendramodi और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री @nitin_gadkari का आभार जताया है।
— DPR Haryana (@DiprHaryana) May 29, 2026
ज्योतिसर के पास इंदबरी से शुरू होकर SH-6, MDR-119, किर्मच रोड, अमीन रोड… pic.twitter.com/b04B9RHFau
इस नए रिंग-रूट के बनने से कमर्शियल वाहन शहर के अंदर प्रवेश किए बिना ही सीधे अपने गंतव्य की ओर निकल जाएंगे। इस सड़क परियोजना का महत्व केवल जाम से मुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तर भारत की अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी का भी एक बड़ा जरिया बनेगी।
इस बाईपास के चालू होने के बाद दिल्ली-यमुनानगर-हरिद्वार मार्ग के साथ-साथ पंजाब और कैथल की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर काफी आसान हो जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस नए इंफ्रास्ट्रक्चर से ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी।
हरियाणा में बदल गए पटवार सर्किल के नियम: अब रकबा नहीं बल्कि आबादी और काम से तय होगा क्षेत्र
इससे कुरुक्षेत्र के 48 कोस तीर्थ क्षेत्र में चल रही 175 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को भी सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर परिवहन नेटवर्क स्थापित होने से कुरुक्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार व नए निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को 'ट्रिपल इंजन सरकार' (केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय) की कुरुक्षेत्र के चहुंमुखी विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का एक अहम प्रतीक बताया है।
