https://www.choptaplus.in/

कुरुक्षेत्र में बाल-बाल बची 30 यात्रियों की जान, निर्माणाधीन पुलिया पर फसी हरियाणा रोडवेज बस

 
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में पटियाला रोड पर निर्माणाधीन पुलिया के पास मिट्टी में फंसी हरियाणा रोडवेज की बस

कुरुक्षेत्र (Chopta Plus): कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में पटियाला रोड पर एक भयंकर हादसा होते-होते टल गया। बोधनी गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के नजदीक पंजाब के पटियाला से पिहोवा आ रही हरियाणा रोडवेज (पिहोवा सब डिपो) की एक बस सड़क किनारे गहरी खाई के पास बुरी तरह फंस गई। इस बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं, वरना गड्ढे में खड़े लोहे के बड़े सरियों के कारण एक बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता था।

कंडक्टर ने बताया आंखों देखा हाल, आखिर कैसे फंसी बस?

बस के कंडक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि यह रास्ता काफी तंग है और यहां पिछले करीब 7 महीने से पुलिया बनाने का काम चल रहा है। निर्माण के कारण सड़क किनारे कुछ ताजी मिट्टी डाली गई थी। ड्राइवर बस को धीमी गति से और पूरी तरह कंट्रोल में चला रहा था। उसने किसी भी वाहन को ओवरटेक नहीं किया, लेकिन सड़क तंग होने के कारण आगे का टायर ताजी और नरम मिट्टी में धंस गया। इसके अलावा, कंडक्टर ने बस के ब्रेक या स्टेयरिंग फेल होने की आशंका भी जताई है, जिसकी असली वजह बस की तकनीकी जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।

दूसरी बस से भेजे गए यात्री, क्रेन ने निकाला बाहर

इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। ड्राइवर की सूझबूझ और किस्मत से बस गड्ढे में पलटने से बच गई। बस के फंसने के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य तक रवाना कर दिया गया। बाद में मौके पर क्रेन बुलाकर भारी मशक्कत के बाद फंसी हुई बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
 

Rajasthan