Panchkula News: मां से कहा था 10 मिनट में घर पहुंच जाऊंगा, आधे घंटे बाद मिली मौत की खबर; कार में जिंदा जला दो बच्चों का पिता
पंचकूला: हर रोज की तरह शनिवार को भी साहिल शर्मा काम खत्म करके घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपनी मां को फोन कर कहा था कि वह करीब 10 मिनट में घर पहुंच जाएंगे। मां को भी बेटे के आने का इंतजार था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह बेटे से हुई आखिरी बातचीत साबित होगी। कुछ देर बाद परिवार को ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे घर को सदमे में डाल दिया।
पंचकूला के सेक्टर-24 में मल्टी फीचर पार्क के सामने एक चलती क्रेटा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। हादसे में कार चला रहे 36 वर्षीय साहिल शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, साहिल शर्मा मूल रूप से पीरमुछल्ला के रहने वाले थे और पेशे से इंटीरियर डिजाइनर थे। वह आईटी पार्क स्थित एक होटल में काम करते थे। शनिवार शाम काम खत्म करने के बाद वह अपनी क्रेटा कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-24 के पास उनकी कार में अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि साहिल को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह कार के अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कार का दरवाजा तोड़कर साहिल को बाहर निकाला और तुरंत सेक्टर-26 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, करीब आधे घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद साहिल ने दम तोड़ दिया।
मां करती रही बेटे का इंतजार, लेकिन घर पहुंची मौत की खबर
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि साहिल ने घटना से करीब आधे घंटे पहले ही अपनी मां को फोन किया था। उन्होंने कहा था कि वह 10 मिनट में घर पहुंच जाएंगे। मां बेटे के आने का इंतजार करती रही, लेकिन जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार ने उन्हें फोन करना शुरू कर दिया।
कई बार फोन करने के बावजूद साहिल से संपर्क नहीं हो पाया। इसी बीच पुलिस का फोन आया और परिवार को हादसे की जानकारी मिली। परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने साहिल की पहचान की। कुछ ही देर पहले घर लौटने की बात कहने वाला बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
12 साल पहले पिता की हुई थी मौत, अब परिवार ने साहिल को खोया
साहिल शर्मा के परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका था। करीब 12 साल पहले उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद साहिल ही परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।
अब इस हादसे में साहिल की मौत से उनकी पत्नी और दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। वहीं बुजुर्ग मां ने भी अपना इकलौता सहारा खो दिया। इस घटना से परिवार और आसपास के लोग गहरे सदमे में हैं।
पुलिस कर रही है आग लगने के कारणों की जांच
सेक्टर-25 पुलिस चौकी प्रभारी रामा स्वामी के अनुसार, साहिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्रेटा कार में आग किन कारणों से लगी। हादसे की जांच की जा रही है।

