पेट्रोल पंप पर 2711 रुपये का पेट्रोल डलवाकर भागा युवक, CCTV फुटेज से पकड़ा गया आरोपी
फतेहाबाद। पेट्रोल पंप पर कार की टंकी फुल करवाने के बाद बिना पैसे दिए फरार होने के मामले में भट्टूकलां थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कार में 2711 रुपये से अधिक का पेट्रोल डलवाया था और भुगतान किए बिना ही वहां से निकल गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पंजाब के गांव दसौंधा निवासी रणबीर सिंह पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
कार की टंकी फुल करवाई, फिर हो गया फरार
थाना भट्टूकलां प्रभारी निरीक्षक वीर सिंह के मुताबिक, गांव मेहूवाला निवासी अक्षय कुमार ने 28 अक्टूबर को पुलिस को शिकायत दी थी। अक्षय फतेहाबाद-भट्टू रोड पर गांव मानावाली के पास स्थित दौलतपुरिया फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन के रूप में काम करता है।
शिकायत के अनुसार, 28 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:50 बजे एक युवक सफेद रंग की ऑल्टो कार लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा। उसने कार की टंकी फुल करने के लिए कहा। सेल्समैन ने कार में 26.13 लीटर पेट्रोल डाला, जिसकी कीमत 2711.25 रुपये बनी।
भुगतान किए बिना कार लेकर निकला
पेट्रोल डलवाने के बाद युवक ने भुगतान करने की बात कही। इस दौरान वह कार में पानी डालने के बहाने करीब 10 मिनट तक पेट्रोल पंप पर रुका रहा। इसके बाद वह बिना पैसे दिए कार लेकर फतेहाबाद की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर भट्टूकलां थाने में 28 अक्टूबर 2026 को अभियोग संख्या 236 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना भट्टूकलां पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

