रेवाड़ी एम्स को मिली बड़ी सौगात: 50 MBBS सीटों को केंद्र की मंजूरी, जल्द शुरू होंगी 1700 कर्मचारियों की भर्ती, कक्षाएं और ओपीडी सेवाएं
एम्स को जल्द से जल्द चालू करने के लिए कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। दिल्ली एम्स प्रशासन की ओर से रेवाड़ी एम्स में प्रशासनिक पदों को भरने के लिए पहले ही विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं, जबकि अन्य अहम पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इस 750 बिस्तरों वाले भव्य अस्पताल को सुचारू रूप से चलाने के लिए कुल 1700 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की भर्ती की जानी है।
गुरुग्राम के सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के कार्यालय के अनुसार, एम्स प्रशासन जल्द ही तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए भी भर्ती विज्ञापन जारी करेगा। हालांकि, कुछ पदों को लेकर वित्त मंत्रालय से अंतिम वित्तीय मंजूरी मिलना अभी बाकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों को भरने का विस्तृत प्रस्ताव वित्त व्यय विभाग को भेज दिया है, जिसे जल्द ही हरी झंडी मिलने की पूरी उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि वे जल्द ही वित्त मंत्रालय के उच्च अधिकारियों से बात कर अटकी हुई फाइलों को मंजूरी दिलवाएंगे। उन्होंने बताया कि एम्स में ओपीडी सेवाएं शुरू करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्तियां बेहद जरूरी हैं और इस दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं। करीब 1700 करोड़ रुपये की भारी लागत से बन रहे इस एम्स के शुरू होने से पूरे दक्षिण हरियाणा को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
