https://www.choptaplus.in/

Haryana News: रोहतक के कैफे में सिलेंडर ब्लास्ट, 50 मीटर दूर गिरा टुकड़ा, मची अफरा-तफरी

हरियाणा के रोहतक के सोनीपत स्टैंड स्थित एक फास्ट फूड कैफे में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसके बाद रसोई में रखा एक घरेलू गैस सिलेंडर फट गया. धमाका इतना भयानक था कि 50 मीटर दूर तक सिलेंडर के टुकड़े बिखर गए और आसपास की बिल्डिंगों के शीशे टूट गए. कैफे में मौजूद कुक और ग्राहक किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
 
Damaged cafe after cylinder blast in Rohtak with broken glass scattered around
Haryana News: हरियाणा के रोहतक में सोनीपत स्टैंड पर जतिन नाम के संचालक द्वारा संचालित एक फास्ट फूड कैफे में मंगलवार को भीषण आग लग गई, जिसमें एक गैस सिलेंडर फट गया और आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कैफे संचालक फरार बताया जा रहा है.

हादसा उस वक्त हुआ जब कैफे के कुक दोपहर के समय खाना बना रहे थे. अचानक शॉर्ट सर्किट होने से एक्सटेंशन कॉर्ड में आग लग गई. आग लगते ही कुक और कैफे में मौजूद ग्राहक बाहर भागे. इसी दौरान रसोई में रखा घरेलू गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया. धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर का एक टुकड़ा करीब 50 मीटर दूर एक घर में जा गिरा. इसके अलावा, कैफे के आसपास की बिल्डिंगों के शीशे भी टूट गए. धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई. कैफे की रसोई में तीन और सिलेंडर रखे हुए थे, जिनके फटने का खतरा बना हुआ था. एक फायर ब्रिगेड कर्मी ने बहादुरी दिखाते हुए तीनों सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया.

Sirsa news: सिरसा के बकरियावाली कचरा प्लांट का निरीक्षण: सामने आई कई खामियां

कैफे के आसपास का इलाका काफी संवेदनशील है. सोनीपत स्टैंड पर मिनी सेक्रेटेरिएट, कोर्ट और अन्य सरकारी दफ्तर स्थित हैं. वहीं पास में ही एक गर्ल्स कॉलेज और एक अस्पताल भी है. हादसे के बाद एहतियात के तौर पर अस्पताल के मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया. धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे सरकारी ऑफिसों और कॉलेज में भी अफरा-तफरी मच गई. कैफे में लगी आग के बाद सड़क के एक हिस्से को बंद कर दिया गया था. इस दौरान फायर ब्रिगेड की दो या तीन गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

एसएचओ ने बताया कैसे लगी आग

सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन के एसएचओ महेंद्र सिंह ने बताया कि कैफे में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी, जिसके बाद सिलेंडर ब्लास्ट हो गया. उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन कैफे को काफी नुकसान पहुंचा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पड़ोस में रहने वाले सुशील कुमार ने बताया कि वे अंदर बैठकर काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ. बाहर जाकर देखा तो आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था. वहीं, दमकल विभाग के अधिकारी दीपक ने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है.
 

Rajasthan