हरियाणा में बड़ा हादसा, बारिश से घर की छत गिरने से देवरानी-जेठानी की मौत
हरियाणा में मानसून का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में किसानों के चेहरे पर मुस्कान झलक रही है तो कच्चे घरों में रह रहे परिवारों के लिए परेशानी शुरू हो गई है। तेज बारिश के कारण घरों की दीवार व छत गिरने की खबरें आ रही है। इसी कड़ी में गोहाना में बारिश के चलते गांव महमूदपुर में एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर सो रही दो महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं।
परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर तत्काल महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव महमूद निवासी 55 वर्षीय सुनील व उनकी जेठानी 56 साल की बिमला मंगलवार रात को घर के अंदर कमरे में सो रही थी। बताया जा रहा है कि उनका घर काफी पुराना था। गोहाना में दो दिन हुई बूंदाबांदी व बारिश से पुराने घर की छत कमजोर होने के चलते मंगलवार रात को उसका मलबा गिर गया।
कमरे में सो रही देवरनी-जेठानी उसके नीचे दब गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। और उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
