मौसम : हरियाणा में बारिश के साथ ओलावृष्टि
हरियाणा के 9 जिलों में मंगलवार दोपहर बाद बारिश हुई। इन जिलों में हिसार, गुरुग्राम, भिवानी, रोहतक, फतेहाबाद, झज्जर, चरखी दादरी, जींद और सोनीपत शामिल हैं। हिसार और बालसमंद क्षेत्र के गांव सीसवाला में ओले भी गिरे। पानीपत, रेवाड़ी और फरीदाबाद में शाम के वक्त बादल छाए रहे। यहां पर तेज धूल भरी आंधी भी चली। वहीं, करनाल, कैथल, नूंह, नारनौल, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में मौसम साफ रहा।
झज्जर में तो बारिश के साथ आंधी भी चली, जिसके कारण सड़क के किनारे लगा एक पेड़ पास के ही एक घर के पास गिर गया। गनीमत रही की इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई।
बता दें कि मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 7 जिलों में बारिश होने की 25 प्रतिशत तक संभावना जताई है, जबकि अन्य जिलों में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। इन 7 जिलों में गरज- चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4 दिनों (13 से 16 मई तक) तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश होगी।
7 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान
जिन सात जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया है उनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, सोनीपत व पानीपत शामिल हैं। यहां पर 25 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है। वहीं 14 मई को 6 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी व चरखी दादरी) में 25 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है।
इसके अलावा 15 मई को 7 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र व अंबाला) में 25 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है। 16 मई को 10 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला व पंचकूला) में 25 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है। वहीं अन्य जिलों का मौसम खुश्क रहेगा।
