https://www.choptaplus.in/

महिला ने एक साथ 4 बच्चों को दिया जन्म, 3 बेटियां और 1 बेटा

राजस्थान के झालावाड़ स्थित राजकीय जनाना अस्पताल में एक दुर्लभ प्रसव का मामला
 
logo

झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ स्थित राजकीय जनाना अस्पताल में एक दुर्लभ प्रसव का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। इनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल है। इस प्रसव के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।

राजस्थान के झालावाड़ के राजकीय जनाना अस्पताल में एक महिला ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है। इनमें 3 बेटियां और 1 बेटा शामिल हैं। बुधवार को दोपहर में यह प्रसव हुआ। इसके बाद महिला के पति ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मैंने तो एक बेटी की ही उम्मीद की थी, लेकिन भगवान ने मुझे 3 बेटियां और 1 बेटा दिया है। जो भी दिया है, उसकी खुशी है।

दरअसल झालावाड़ शहर निवासी ज्योति कश्यप (25) पत्नी अरुण कश्यप (32) का बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब जनाना अस्पताल में सिजेरियन के जरिए यह दुर्लभ प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद प्रसूता ज्योति कश्यप की हालत सामान्य और स्थिर है। हालांकि जन्म के समय कम वजन होने के कारण चारों नवजातों को अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है और आवश्यक उपचार जारी है। अरुण और ज्योति की शादी साल 2019 में हुई थी। इस डिलीवरी से पहले भी उनका 5 साल का बेटा हर्ष है। यह ज्योति की दूसरी डिलीवरी है। नवजातों के पिता अरुण कश्यप जनाना अस्पताल में ही कंप्यूटर ऑपरेटर है।

उन्होंने इस अवसर पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "यह सब भगवान की मर्जी है। मैंने तो एक बेटी की ही उम्मीद की थी, लेकिन भगवान ने मुझे तीन बेटियां और एक बेटा दिया है। जो भी दिया है, उसकी खुशी है।

चार बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही परिजनों और मोहल्ले में खुशी का माहौल है। लोग परिवार को बधाई देने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि झालावाड़ जनाना अस्पताल में यह उनके सामने आया पहला ऐसा मामला है। डॉ. गुप्ता के अनुसार प्रसूता और सभी नवजात फिलहाल स्वस्थ हैं।

Rajasthan