हरियाणा में पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी की तैयारी तेज, विभागों से मांगा रिक्तियों का ब्यौरा
चंडीगढ़। हरियाणा में अग्निवीरों के पहले बैच की चार साल की सैन्य सेवा पूरी होने के साथ ही राज्य सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी रोजगार की तैयारी तेज कर दी है। सरकार ने प्रदेश के सभी विभागों, बोर्डों और निगमों से पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित सीधी भर्ती के पदों का वास्तविक ब्यौरा मांगा है। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग की मानव संसाधन-2 शाखा ने 25 अगस्त को आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों से निर्धारित प्रोफार्मा में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
सरकार की इस कवायद का उद्देश्य यह पता लगाना है कि पूर्व अग्निवीरों के लिए कितने पद आरक्षित हैं, ये पद किन विभागों में उपलब्ध हैं और इन पर भर्ती कब प्रस्तावित है। विभागों को केवल रिक्त पदों की संख्या ही नहीं, बल्कि पद का नाम, आरक्षण प्रतिशत, संभावित रिक्तियों की संख्या, श्रेणीवार विवरण और भर्ती का प्रस्तावित महीना भी बताना होगा। इसके साथ ही यूआर, ओएससी, डीएससी, बीसी-ए, बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अनुसार रिक्तियों की जानकारी भी मांगी गई है।
हरियाणा के 1,373 युवा पहले बैच में
अग्निपथ योजना के तहत हरियाणा से अब तक कुल 7,228 युवा अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए हैं। इनमें 2022-23 में 2,227, 2023-24 में 2,893 और 2024-25 में 2,108 युवा शामिल हैं। योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी होने के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सैन्य सेवा में बनाए रखने का प्रावधान है, जबकि बाकी अग्निवीर सेवा से बाहर होते हैं।
देश में पहला बैच जुलाई 2026 से चार साल की सेवा पूरी करने के बाद बाहर होना शुरू हुआ है। हरियाणा से इस पहले बैच में करीब 1,373 युवा हैं। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से आरक्षित पदों का ब्यौरा जुटाने की प्रक्रिया इन युवाओं के सैन्य सेवा के बाद रोजगार की तैयारी से जुड़ी है।
बिजली विभाग में 2005 पदों पर आई नई भर्ती, जाने कौन कर सकता है आवेदन और क्या है लास्ट डेट
HPSC और HSSC की भर्तियों में जुड़ेगा कोटा
सरकारी आदेश में उन पदों की उपलब्धता पर भी जानकारी मांगी गई है, जिन पर पूर्व अग्निवीरों की भर्ती हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के माध्यम से की जानी है। विभागों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर आगामी सीधी भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण को लागू करने की तस्वीर स्पष्ट होगी।
इन पदों पर आरक्षण का प्रावधान
हरियाणा में पुलिस कांस्टेबल, इंडियन रिजर्व बटालियन, स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डन, माइनिंग गार्ड, वाइल्डलाइफ गार्ड और फायर ऑपरेटर जैसे पदों पर 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान बताया गया है।
वहीं सामान्य ग्रुप-सी पदों पर पांच प्रतिशत और सैन्य सेवा से जुड़े विशेष कौशल वाले ग्रुप-बी पदों पर एक प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
भर्ती का संभावित कैलेंडर भी तैयार होगा
सरकार ने विभागों से संभावित रिक्तियों के साथ-साथ भर्ती का प्रस्तावित महीना भी बताने को कहा है। इससे विभागवार आरक्षित पदों की संख्या सामने आने के साथ यह भी पता लगाने में मदद मिलेगी कि आने वाले महीनों में किन विभागों में भर्ती प्रक्रिया प्रस्तावित हो सकती है।
पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित पदों का वास्तविक ब्यौरा मिलने के बाद सरकार के पास संबंधित भर्तियों और उनके संभावित समय को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी उपलब्ध होगी। फिलहाल विभागों से आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

