HSSC Group D 2026 के लिए आवेदन शुरू, 1 दिन में 50 हजार से अधिक पंजीकरण, जल्दी करें
चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप डी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने 18 जून 2026 को इसका नोटिफिकेशन जारी किया था और 19 जून से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। इच्छुक उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट hssc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन शुरू होते ही उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह
HSSC की इस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने जानकारी दी कि आवेदन शुरू होने के पहले ही दिन 50,146 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 10,646 अभ्यर्थियों ने अपना आवेदन पूरी तरह भरकर जमा भी कर दिया। चेयरमैन ने अभ्यर्थियों से कहा कि वे आवेदन खुद भरें और जमा करने से पहले सभी जानकारियों को ध्यान से देख लें। साथ ही उन्होंने भर्ती को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।
CET GROUP D के लिए अब तक 50146 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है जिसमें से 10646 अभ्यर्थियों ने फाइनल सबमिट भी कर दिया है।
— Himmat Singh (@advhimmatsingh) June 20, 2026
अभ्यर्थी अपने फॉर्म स्वयं भरें, फॉर्म भरने के बाद अच्छे से चेक कर के ही फाइनल सबमिट करें।
अपवाहों पर ध्यान न दें, आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें। pic.twitter.com/bfWnDzV8o9
कुल कितने पद निकले हैं?
फिलहाल आयोग ने पदों की सटीक संख्या जारी नहीं की है। अधिकारियों के मुताबिक, पदों की कुल संख्या और श्रेणीवार ब्योरा बाद में वेबसाइट पर डाला जाएगा। खबरों में करीब 8,000 से अधिक पदों पर भर्ती होने की संभावना जताई जा रही है। यह भर्ती हरियाणा सरकार के अलग-अलग विभागों में ग्रुप डी पदों पर होगी।
कौन कर सकता है आवेदन? (योग्यता)
शैक्षणिक योग्यता: आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही, 10वीं में हिंदी या संस्कृत विषय पढ़ा होना चाहिए। हालांकि, स्वीपर और चौकीदार जैसे पदों पर यह शर्त लागू नहीं होगी।
आयु सीमा: आवेदन की आखिरी तारीख (3 जुलाई 2026) तक उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल और ज्यादा से ज्यादा 42 साल होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को हरियाणा सरकार के नियमों के मुताबिक उम्र में छूट दी जाएगी।
खास बात: जिन उम्मीदवारों ने पहले CET ग्रुप सी (विज्ञापन संख्या 1/2025) के लिए आवेदन किया था, उन्हें आवेदन शुल्क नहीं देना होगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन शुल्क ऑनलाइन (नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड आदि) के जरिए जमा करना होगा:
सामान्य वर्ग और अन्य राज्यों के उम्मीदवार: 500 रुपये
हरियाणा के आरक्षित वर्ग (एससी/बीसी/ईडब्ल्यूएस/पीडब्ल्यूडी), सभी महिला उम्मीदवार और पूर्व सैनिक: 250 रुपये
कैसे होगा चयन?
इस भर्ती में चयन पूरी तरह से कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के अंकों के आधार पर होगा। CET में मिले अंकों का ही 100 प्रतिशत वजन होगा। यानी अलग से कोई मुख्य परीक्षा नहीं होगी। CET एक पात्रता परीक्षा है, जिसके जरिए अभ्यर्थियों को अलग-अलग पदों के लिए बार-बार परीक्षा नहीं देनी पड़ती। परीक्षा 10वीं स्तर के पाठ्यक्रम पर आधारित होगी।
पास होने के लिए कितने अंक चाहिए?
- सामान्य वर्ग: कम से कम 50% अंक
- आरक्षित वर्ग (एससी/एसटी/बीसी/ईडब्ल्यूएस): 40% अंक (10% की छूट)
परीक्षा का पैटर्न:
- 100 अंकों की परीक्षा होगी
- परीक्षा का समय: 1 घंटा 45 मिनट
- सभी सवाल अनिवार्य होंगे
- प्रश्न पत्र अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में होगा
- परीक्षा ऑफलाइन (ओएमआर शीट पर) होगी
ऐसे करें आवेदन
आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है।
- सबसे पहले उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
- इसके बाद HSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर CET ग्रुप डी 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
- आवेदन फॉर्म में निजी जानकारी, पढ़ाई से जुड़ी जानकारी, पता और श्रेणी भरनी होगी।
- इसके बाद जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें और अपनी श्रेणी के हिसाब से आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करें।
- आवेदन जमा करने से पहले सारी जानकारी ध्यान से देख लें और फॉर्म का प्रिंटआउट जरूर निकालकर रखें।
- पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज: 10वीं की मार्कशीट, फोटो, हस्ताक्षर, जाति प्रमाणपत्र (अगर लागू हो) और निवास प्रमाणपत्र।
