SBI Clerk Recruitment 2026: कल से शुरू होंगे 9,766 क्लर्क पदों पर आवेदन, जानें कैसे भरें फॉर्म
चंडीगढ़। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने जूनियर असोसिएट (कस्टमर सपोर्ट एंड सेल्स) यानी क्लर्क पदों पर भर्ती के लिए 11 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती कुल 9,766 पदों पर हो रही है, जिसमें 7,680 नियमित और 2,086 बैकलॉग पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in या sbi.co.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा, 1,718 पद
राज्यवार रिक्तियों की बात करें तो महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1,718 नियमित पद हैं। उसके बाद तमिलनाडु (1,410), ओडिशा (1,100), कर्नाटक (760), पश्चिम बंगाल (555), राजस्थान (350), गुजरात (330), उत्तर प्रदेश (250), तेलंगाना (260), मध्य प्रदेश (113), छत्तीसगढ़ (287), हिमाचल प्रदेश (9), जम्मू-कश्मीर (84), लद्दाख (7) और अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में पद हैं। इसके अलावा 1,444 पद बैकलॉग के लिए आरक्षित हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त, प्रिंट करने की 15 सितंबर
आवेदन की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2026 है। आवेदन पत्र प्रिंट करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रारंभिक परीक्षा सितंबर 2026 में और मुख्य परीक्षा नवंबर 2026 में होने की संभावना है।
ग्रेजुएट होना अनिवार्य, उम्र 20 से 28 साल के बीच
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक डिग्री पूरी करने का प्रमाण देना होगा। उम्र 1 अप्रैल 2026 को 20 साल से कम और 28 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को उम्र में छूट दी जाएगी — ओबीसी को 3 साल, एससी/एसटी को 5 साल। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए 750 रुपये है। एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और पात्र दिव्यांग पूर्व सैनिक श्रेणियों को शुल्क से छूट दी गई है।
स्थानीय भाषा का ज्ञान जरूरी, एक ही राज्य के लिए आवेदन
अभ्यर्थी को उस राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना चाहिए, जिसके लिए वह आवेदन कर रहा है। आवेदन केवल एक ही राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के लिए किया जा सकता है। चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और स्थानीय भाषा प्रवीणता परीक्षा शामिल है। प्रारंभिक परीक्षा के अंक अंतिम मेरिट में नहीं गिने जाएंगे। अंतिम चयन मुख्य परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर होगा।
SBI Clerk Application Form 2026 भरने के लिए चरणबद्ध प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल ibpsreg.ibps.in/sbijajul26/ या SBI की करियर वेबसाइट पर विजिट करना होगा। वहां 'करेंट ओपनिंग' सेक्शन में 'जूनियर असोसिएट (कस्टमर सपोर्ट एंड सेल्स)' भर्ती का लिंक मिलेगा। 'न्यू रजिस्ट्रेशन' पर क्लिक करके नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी जैसी बुनियादी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद फोटो, हस्ताक्षर, बाएं हाथ का अंगूठा निशान और हस्तलिखित घोषणा को निर्धारित फॉर्मेट में अपलोड करना होगा। शैक्षणिक और अन्य विवरण भरने के बाद परीक्षा केंद्र का चुनाव करना है। आवेदन शुल्क ऑनलाइन भुगतान के जरिए जमा करना है। सबमिट करने से पहले फॉर्म को ध्यान से चेक कर लेना चाहिए। आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
एसबीआई क्लर्क का वेतन कितना है
एसबीआई क्लर्क की शुरुआती बेसिक सैलरी 26,730 रुपये है। इसमें महंगाई भत्ता, हाउस रेंट अलाउंस, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, स्पेशल अलाउंस और स्पेशल पे जैसे भत्ते जुड़ने के बाद ग्रॉस सैलरी करीब 45,888 रुपये और हाथ में आने वाली सैलरी करीब 39,529 रुपये होती है।

