गुजरात भेजी जा रही थी 1500 पेटी शराब, हनुमानगढ़ में ट्रेलर सहित चालक गिरफ्तार
हनुमानगढ़ में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़, करीब 3 करोड़ की अंग्रेजी शराब जब्त
हनुमानगढ़ में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़, करीब 3 करोड़ की अंग्रेजी शराब जब्त
जयपुर। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रेलर जब्त किया है। यह कार्रवाई भारतमाला रोड पर नाकाबंदी के दौरान की गई, जिसमें पंजाब निर्मित बड़े ब्रांड की 1500 से अधिक पेटियां शराब बरामद हुई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पल्लू क्षेत्र में भारतमाला रोड पर धीरेदेसर के पास नियमित नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान संगरिया की ओर से आ रहे एक ट्रेलर को संदेह के आधार पर रोका गया। ट्रेलर की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी हुई पाई गई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
तीन बड़े ब्रांड की 1503 पेटियां बरामद
तलाशी के दौरान ट्रेलर से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के तीन प्रमुख ब्रांड—रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग और ऑल सीजन्स—की कुल 1503 पेटियां बरामद की गईं। इन पेटियों में 14,448 बोतलें और 14,352 पव्वे शामिल हैं। जब्त की गई शराब की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 71 लाख रुपये बताई जा रही है। ट्रेलर सहित पूरी खेप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
चालक गिरफ्तार, जालोर का रहने वाला आरोपी
मौके से ट्रेलर चालक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान प्रकाश कुमार पुत्र लाडूराम विश्नोई (उम्र 22 वर्ष) निवासी वाडान्या, पुलिस थाना बागोड़ा, जिला जालोर (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पल्लू में एफआईआर संख्या 14/2026 दर्ज कर ली गई है। उस पर राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 एवं 54(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी शराब
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ट्रेलर में भरी शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस के अनुसार, पंजाब में शराब अपेक्षाकृत सस्ती होती है, जबकि गुजरात में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसी अंतर का फायदा उठाकर तस्कर भारी मुनाफे के लिए अवैध शराब की तस्करी करते हैं।
भारत्माला रोड बन रहा तस्करों का पसंदीदा मार्ग
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंजाब के अमृतसर क्षेत्र को गुजरात से जोड़ने वाला भारत्माला रोड सीधा और तेज़ मार्ग होने के कारण तस्करों के लिए पसंदीदा रूट बनता जा रहा है। लंबा हाईवे नेटवर्क और अपेक्षाकृत कम जांच के चलते इस मार्ग का लगातार दुरुपयोग किया जा रहा है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में पुलिस
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए प्रशिक्षु आरपीएस राजेंद्र कुमार ने बताया कि यह अंतरराज्यीय तस्करी का संगठित नेटवर्क हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी सुरेश मील द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
