https://www.choptaplus.in/

खड़े डम्पर में घुसी कार, मां, बेटे व पत्नी सहित 4 लोगों की मौत; जन्मदिन की पार्टी में जा रहे थे

लूणकरनसर थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के करणपुर निवासी संदीप शर्मा पुत्र बद्रीप्रसाद शर्मा, उसकी पत्नी कृतिका शर्मा, मां जीवन आशा पत्नी बद्रीप्रसाद शर्मा व चाची सुषमा शर्मा कार से बीकानेर की ओर जा रहे थे।
 
bikaner rajasthan accident

बीकानेर, 5 अगस्त। राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-62 (NH-62) पर लूणकरनसर कस्बे के विश्वकर्मा मार्केट के पास सड़क किनारे खड़े डम्पर में तेज रफ्तार कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए।लूणकरनसर थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के करणपुर निवासी संदीप शर्मा पुत्र बद्रीप्रसाद शर्मा, उसकी पत्नी कृतिका शर्मा, मां जीवन आशा पत्नी बद्रीप्रसाद शर्मा व चाची सुषमा शर्मा कार से बीकानेर की ओर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, श्रीगंगानगर जिले के करणपुर निवासी संदीप शर्मा, उनकी पत्नी कृतिका शर्मा, मां जीवन आशा शर्मा और चाची सुषमा शर्मा कार से बीकानेर जा रहे थे। परिवार अपने रिश्तेदार की बच्ची के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए निकला था।

हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ

लूणकरनसर थाना प्रभारी गणेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज गति से चल रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डम्पर के पीछे जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डम्पर के नीचे तक घुस गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।

अस्पताल में चारों ने तोड़ा दम

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर लूणकरनसर के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

जन्मदिन की खुशी मातम में बदली

जानकारी के अनुसार परिवार बीकानेर के जयपुर रोड स्थित आरकेपुरम कॉलोनी में रहने वाले रिश्तेदार रामकुमार शर्मा की पोती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहा था। रामकुमार शर्मा मृतक संदीप शर्मा के मामा और मृतका जीवन आशा के भाई बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां अपने परिजनों की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने चारों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और खड़े डम्पर से टक्कर हादसे का कारण मानी जा रही है।

Rajasthan