https://www.choptaplus.in/

फिल्मी अंदाज में चोरी, 100 किलो की तिजोरी बाइक पर लादकर ले भागे 5 चोर

 
Ajmer Kekri Theft 100 Kg Safe Stolen On Bike

अजमेर/केकड़ी: अजमेर के केकड़ी शहर के सबसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र घंटाघर में मंगलवार तड़के चोरों ने फिल्मी तरीके से ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने एक किराना दुकान का शटर तोड़ा और अंदर रखी करीब 100 किलो से अधिक वजनी लोहे की तिजोरी को बाइक पर लादकर फरार हो गए। बदमाश तिजोरी में रखे करीब 3 से 4 लाख रुपये नकद और चांदी के सिक्के चुरा ले गए।

शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले घंटाघर क्षेत्र में बदमाश चंद मिनटों में भारी-भरकम तिजोरी लेकर निकल गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। हालांकि, चोरी की यह पूरी वारदात दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

तड़के 4:30 बजे चादर ओढ़कर आए, सरियों से तोड़ा शटर

यह वारदात मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे घंटाघर के ठीक निकट स्थित सस्ता किराना भंडार में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर पांच संदिग्ध दुकान के बाहर पहुंचे। अपनी पहचान छिपाने के लिए सभी ने चादरों से चेहरा और शरीर ढक रखा था।

बदमाशों ने लोहे के सरियों की मदद से दुकान का शटर ऊपर उठाया। इसके बाद तीन बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुए, जबकि दो साथी बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे। अंदर घुसे चोरों ने दुकान में रखी वर्षों पुरानी भारी लोहे की तिजोरी को घसीटकर बाहर निकाला और मोटरसाइकिल पर लादकर मौके से रवाना हो गए।

बाइक पर तिजोरी और पीछे दौड़ता रहा साथी

वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चोरों का तरीका बेहद चौंकाने वाला है। फुटेज में बदमाश घंटाघर से जूनियां गेट की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। एक मोटरसाइकिल पर 100 किलो से ज्यादा वजनी तिजोरी रखी हुई है—एक बदमाश बाइक चला रहा है, जबकि उसका साथी पीछे दौड़ते हुए तिजोरी को संभालता नजर आ रहा है। वहीं, अन्य बदमाश दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार होकर साथ चलते दिख रहे हैं।

सापंदा रोड के खाली प्लॉट में तोड़ी तिजोरी

दुकान से तिजोरी उठा ले जाने के बाद बदमाश सापंदा रोड की तरफ पहुंचे। वहां एक खाली प्लॉट में उन्होंने तिजोरी को तोड़ा और उसमें रखे करीब 3 से 4 लाख रुपये नकद व चांदी के सिक्के निकाल लिए। इसके बाद चोर खाली तिजोरी को प्लॉट में ही छोड़कर फरार हो गए। सुबह घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

व्यस्त बाजार में चोरी से व्यापारियों में आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस

दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही से गुलजार रहने वाले घंटाघर बाजार में इस तरह की वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भारी चिंता और आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि जब शहर के सबसे व्यस्त बाजार में ही दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी हुई नकदी व चांदी के सिक्कों की बरामदगी और बाजार में प्रभावी रात्रिकालीन गश्त की मांग की है।

शहर थाना पुलिस ने पीड़ित दुकानदार श्यामसुंदर माहेश्वरी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। केकड़ी के शहर थानाधिकारी जगदीश चौधरी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों की पहचान और वारदात में इस्तेमाल साधनों का पता लगाकर जल्द ही मामले का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Rajasthan