https://www.choptaplus.in/

SMS अस्पताल का गजब कारनामाः जन्मदिन पर अंगुली की पट्टी बंधवाने आए युवक को थमा दिया डेथ सर्टिफिकेट, खुद को जिंदा साबित करने के लिए 24 दिन से भटक रहा

 
जयपुर के एसएमएस अस्पताल की लापरवाही से कागजों में मृत घोषित हुए आमेर निवासी दिनेश सैनी और ट्रॉमा सेंटर की तस्वीर

जयपुर: राजधानी के सबसे बड़े सरकारी सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की एक गंभीर लापरवाही ने जीवित युवक को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया है। आमेर क्षेत्र के पीली की तलाई स्थित निमदला की ढाणी निवासी दिनेश सैनी (पुत्र ताराचंद सैनी) महज अंगुली की मामूली चोट का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन रजिस्ट्रेशन काउंटर की चूक से किसी दूसरे मरीज की मौत उनके नाम दर्ज हो गई। 

अब स्थिति यह है कि दिनेश खुद को जिंदा साबित करने के लिए बीते करीब 24 दिनों से अस्पताल और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, जबकि अस्पताल प्रबंधन अपनी गलती सुधारने के बजाय उनसे ही मृतक के परिजनों का शपथ-पत्र और एसडीएम के हस्ताक्षर मांग रहा है।

जन्मदिन पर लगी थी चोट, खुद का शव लेने के लिए आए 12 से 13 फोन

पीड़ित दिनेश सैनी के अनुसार तीन नवंबर 2026 को उनका जन्मदिन था। इसी दिन गलता गेट थाने के पास हुए एक झगड़े में उनके बाएं हाथ की अंगुली में चोट लग गई थी। वे इलाज के लिए एसएमएस ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां एक्स-रे में चोट मामूली पाए जाने पर डॉक्टर ने पट्टी बांधी और दवाइयां लिखकर उन्हें घर भेज दिया।

आरोप है कि दिनेश के जाने के एक से दो घंटे बाद दिनेश मीणा नाम का दूसरा मरीज ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मौजूद कर्मियों ने पहचान-पत्र की जांच किए बिना ही दिनेश सैनी की हॉस्पिटल आईडी (एचआईडी) और रजिस्ट्रेशन नंबर दूसरे मरीज की फाइल में दर्ज कर दिए। 

चार नवंबर को सुबह करीब दस बजे दिनेश मीणा की मौत हो गई, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में मृत्यु दिनेश सैनी के नाम दर्ज हो गई। इसके बाद शव सुपुर्दगी के लिए ट्रॉमा सेंटर से दिनेश सैनी के पास 12 से 13 फोन आए। जब उन्होंने फोन पर खुद के जीवित होने की जानकारी दी और पांच नवंबर को स्वयं अस्पताल जाकर स्टाफ से मिले, तो उन्हें निश्चिंत रहने का भरोसा देकर घर भेज दिया गया।

पहचान पोर्टल से बना मृत्यु प्रमाण-पत्र, तीन घंटे में जन-आधार से कटा नाम

अस्पताल कर्मियों के आश्वासन के बावजूद लापरवाही का सिलसिला नहीं थमा। 21 नवंबर को पोस्टमॉर्टम के समय लगाए गए संशोधन पत्र को दरकिनार करते हुए मेडिकल रिकॉर्ड डिपार्टमेंट (एमआरडी) ने दिनेश सैनी के नाम से मृत्यु पंजीकरण कर दिया। इसके बाद 25 नवंबर को दोपहर तीन बजकर तीन मिनट पर पहचान पोर्टल से मृत्यु पंजीकरण और प्रमाण-पत्र जारी होने का संदेश आया। 

इसके महज तीन घंटे बाद शाम छह बजकर बारह मिनट पर दिनेश की मां रेखा देवी के मोबाइल पर जन-आधार से दिनेश का नाम स्वतः हटाए जाने का संदेश भी आ गया। जन-आधार से नाम कटने से सरकारी योजनाओं, राशन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों में भी युवक के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

सिस्टम की चार बड़ी चूकें, अब पीड़ित पर ही थोपी जा रही जिम्मेदारी

इस पूरे घटनाक्रम में अस्पताल प्रशासन के सिस्टम की चार बड़ी खामियां उजागर हुई हैं। पहली चूक यह रही कि दिनेश सैनी का आधार या जन-आधार सत्यापित किए बिना ही उनकी आईडी दूसरे मरीज को आवंटित कर दी गई। दूसरी बड़ी लापरवाही यह हुई कि पोस्टमॉर्टम के वक्त संशोधन पत्र लगाए जाने के बावजूद बिना जांच के मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। 

तीसरी खामी अधूरे रिकॉर्ड की सामने आई, क्योंकि जिस मरीज का वास्तव में पोस्टमॉर्टम हुआ, अस्पताल के रजिस्टर में उसके परिजनों का मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं था। वहीं चौथी और सबसे असंवेदनशील बात यह है कि अब अस्पताल स्टाफ अपनी गलती दुरुस्त करने के बजाय पीड़ित दिनेश सैनी से ही उस अज्ञात मृतक के परिजनों को ढूंढकर लाने, उनका शपथ-पत्र देने और एसडीएम के हस्ताक्षर करवाकर लाने की शर्त रख रहा है।

‘दोस्त उड़ा रहे मजाक’, प्रिंसिपल ने दिया जांच और कार्रवाई का भरोसा

कागजों में मृत घोषित हो चुके दिनेश सैनी ने अपनी पीड़ा जताते हुए कहा कि अब उनके पास खुद को जिंदा साबित करने का कोई कागज नहीं बचा है। सरकारी सिस्टम में वे मर चुके हैं और यार-दोस्त यह कहकर मजाक उड़ा रहे हैं कि वे तो मर गए, जिससे उन्हें भयंकर मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। वहीं इस मामले में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि ऐसा मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे रिकॉर्ड की जांच करवा रहे हैं और यदि इस प्रकार की लापरवाही हुई है, तो यह पूरी तरह गलत है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 

Rajasthan