https://www.choptaplus.in/

जैसलमेर में चलती स्कूल बस में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बचे 25 बच्चे, किताबें-बैग जलकर राख

 
Jaisalmer school bus fire 2026 - bus engulfed in flames near Dhauwa village, all 25 children rescued safely by driver

जैसलमेर/जयपुर। राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार (11 अगस्त) सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धऊवा गांव के पास बच्चों को स्कूल ले जा रही एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 17 से 25 बच्चे सवार थे। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों के बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर खाक हो गई। इस हादसे में किसी भी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्कूल बस पिथला गांव से एसएम पब्लिक स्कूल जा रही थी

जानकारी के अनुसार, यह बस एसएम पब्लिक स्कूल की थी, जो पिथला गांव से बच्चों को लेकर डाबला रोड स्थित स्कूल जा रही थी। स्कूल शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर है। जैसे ही बस धऊवा गांव के पास पहुंची, सड़क पर बने एक गड्ढे में बस का अगला पहिया चला गया, जिससे बस को तेज झटका लगा। इसके कुछ ही देर बाद बस के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलता दिखा।

ड्राइवर ने दिखाई सूझबूझ, सभी बच्चे सुरक्षित

इंजन से धुआं उठता देख ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। इसके बाद उसने बस का गेट खोला और सभी बच्चों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि ड्राइवर की सूझबूझ के कारण सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए।

फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। नगर परिषद की दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझने तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

बच्चों के बैग और किताबें जलकर राख

आग के कारण बस में रखे बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और अन्य सामान जलकर राख हो गए। हालांकि, सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद बच्चों को दूसरे वाहनों से स्कूल भेजा गया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंना

प्रारंभिक जांच में आग बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

Rajasthan