https://www.choptaplus.in/

बिना दहेज डॉक्टर बेटे की शादी, मुंह दिखाई में बहू को गिफ्ट की स्कॉर्पियो-N; शिक्षक दंपती की पहल की हो रही चर्चा

राजस्थान के शिक्षक दंपती ने बेटे की शादी सादगी से कर समाज को दिया संदेश, बहू के पहली बार घर पहुंचने पर नई स्कॉर्पियो-एन गाड़ी भेंट की

 
बिना दहेज डॉक्टर बेटे की शादी, मुंह दिखाई में बहू को गिफ्ट की स्कॉर्पियो-N; शिक्षक दंपती की पहल की हो रही चर्चा

 

 

सीकर। दहेज प्रथा के खिलाफ समाज में जागरूकता की बातें तो अक्सर होती हैं, लेकिन कुछ परिवार अपनी पहल से मिसाल पेश कर देते हैं। ऐसा ही मामला राजस्थान के फतेहपुर क्षेत्र के बलोद छोटी गांव से सामने आया है। यहां एक शिक्षक दंपती ने अपने डॉक्टर बेटे की शादी बिना दहेज के संपन्न कराई। इतना ही नहीं, बहू के पहली बार घर आने पर मुंह दिखाई की रस्म में उसे नई स्कॉर्पियो-एन गाड़ी उपहार में दी।

जानकारी के अनुसार, बलोद छोटी गांव के रहने वाले और वर्तमान में लक्ष्मणगढ़ निवासी शिक्षक भंवर सिंह मूंड तथा उनकी शिक्षिका पत्नी पूनम देवी ने अपने बेटे न्यूटन का विवाह 25 नवंबर को डॉ. किरण के साथ किया। दोनों परिवारों ने शादी को सादगी से संपन्न कराया और इसमें किसी तरह का दहेज नहीं लिया गया।

 मुंह दिखाई में बहू को दी नई स्कॉर्पियो-N

शादी के बाद गुरुवार को जब बहू डॉ. किरण पहली बार अपने ससुराल पहुंचीं तो घर में खुशी का माहौल रहा। इस दौरान परिवार ने परंपरा के अनुसार मुंह दिखाई की रस्म निभाई। इसी रस्म में सास-ससुर ने बहू को नई स्कॉर्पियो-एन गाड़ी उपहार में भेंट की।

शिक्षक दंपती की इस पहल की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि उन्होंने बेटे की शादी में दहेज लेने के बजाय अपनी ओर से बहू को उपहार देकर उसका स्वागत किया।

 समाज में दहेज के खिलाफ दिया सकारात्मक संदेश

भंवर सिंह मूंड और पूनम देवी दोनों शिक्षक हैं। ऐसे में उनकी इस पहल को शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोड़कर भी देखा जा रहा है। उनकी ओर से बिना दहेज शादी करना और बहू का सम्मान के साथ स्वागत करना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने शिक्षक दंपती की इस पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि समाज में दहेज जैसी कुरीति को खत्म करने के लिए ऐसी सोच और पहल जरूरी है।

इस परिवार ने अपनी खुशी के मौके पर यह संदेश दिया है कि शादी का रिश्ता आपसी सम्मान और अपनापन से मजबूत होता है, न कि दहेज के लेन-देन से।

Rajasthan