गजबः चुनाव जीतने का ऐसा जुनून की एक ही महिला ने भर दिए 3 नामांकन, परिणाम जान हैरान रह गए लोग
बृजनगर (डीग): राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में ऐसा सियासी घटनाक्रम सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। चुनावी गलियारों में एक ही प्रत्याशी के तीन अलग-अलग नामांकन भरने और पहनावा बदलकर पहुंचने की खूब चर्चा रही। बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद की दावेदार वती कुमारी (पत्नी रिंकू राना) ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय—तीनों ही रूपों में नामांकन दाखिल कर दिया। तमाम सियासी उतार-चढ़ाव और अटकलों के बाद आखिरकार वती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित हो गईं।
पहले कांग्रेस, फिर मंत्री बेढम के साथ भाजपा से भरा पर्चा; पहनावे ने भी बटोरी सुर्खियां
नामांकन प्रक्रिया के दौरान वती कुमारी के सियासी दांव ने पूरे जिले में हलचल मचा दी। उन्होंने पहले पूर्व विधायक वाजिब अली की मौजूदगी में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वह राज्य के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के साथ पहुंचीं और भाजपा प्रत्याशी के रूप में पर्चा भर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भी तीसरा नामांकन दाखिल कर दिया।
एक ही चेहरे के तीन अलग-अलग नामांकन के साथ-साथ उनका पहनावा भी लोगों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया। वह पहली बार साड़ी पहनकर नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं, जबकि दूसरी बार सलवार-सूट में नजर आईं। नामांकन पत्रों की जांच और पूरी चुनावी प्रक्रिया पर हर किसी की निगाहें टिकी रहीं, जिसके बाद अंततः भाजपा प्रत्याशी के रूप में उनका निर्विरोध निर्वाचन हो गया।

16 सीटों का स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस के हाथ से फिसली प्रधानी
बृजनगर पंचायत समिति का यह परिणाम इसलिए भी सबसे ज्यादा चौंकाने वाला रहा, क्योंकि आंकड़ों के हिसाब से यहां कांग्रेस पूरी तरह मजबूत स्थिति में थी। कुल 29 वार्डों वाली इस पंचायत समिति में बहुमत के लिए 15 सीटों की जरूरत थी। 20 नवंबर को आए चुनाव नतीजों में कांग्रेस ने 16 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा के पास मात्र 4 और निर्दलीय 9 सदस्य थे। इसके बावजूद कांग्रेस अपना प्रधान नहीं बना सकी और महज 4 सीटों वाली भाजपा ने बड़ा सियासी उलटफेर करते हुए निर्विरोध जीत दर्ज कर ली।
वार्ड 14 से निर्दलीय जीती थीं वती कुमारी, डीग की अन्य समितियों में भी भाजपा का दबदबा
वती कुमारी ने वार्ड संख्या 14 (सामान्य महिला) से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था और कांग्रेस की मुकेश देवी को 681 वोटों के अंतर से हराया था। इस चुनाव में वती कुमारी को 1,564 और मुकेश देवी को 883 वोट मिले थे। उनके परिवार की स्थानीय राजनीति में पहले से मजबूत पकड़ रही है—उनके ससुर अर्जुन प्रधान पहले भी बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं। गौरतलब है कि डीग जिले की 5 पंचायत समितियों में हुए प्रधान चुनावों में बृजनगर के अलावा डीग (कमलेश) और कुम्हेर (मंगतीराम) में भी भाजपा और भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं।

