https://www.choptaplus.in/

साहुवाला-2 की दो छात्राएं अंडर-19 सॉफ्टबॉल राष्ट्रीय टीम में चयनित

दो प्रतिभाशाली छात्राओं रेखाऔर रवीनाने खेल जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल
 
srs
अंडर-19 सॉफ्टबॉल राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान बनाया

सरसा। जिले के गांव साहुवाला द्वितीय स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की दो प्रतिभाशाली छात्राओं रेखा और रवीना ने खेल जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंडर-19 सॉफ्टबॉल राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान बनाया है। इस सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे खंड नाथूसरी चौपटा और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं द्वारा हासिल की गई यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है। विद्यालय की प्राचार्य मंजू पूनियां ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी विजय सचदेवा के मार्गदर्शन में विद्यालय में खेल गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के बावजूद छात्राओं ने सीमित संसाधनों में बेहतर प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया कि लगन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

गौरतलब है कि शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सरसा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की पांच छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय टीम के लिए किया गया। इसके बाद राज्य स्तरीय अंडर-19 सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में टीम ने चौथा स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रेखा और रवीना के उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने दोनों छात्राओं का चयन राष्ट्रीय टीम के लिए किया। राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना छात्राओं के लिए गर्व की बात है और इससे उनके खेल करियर को नई दिशा मिली है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने छात्राओं को बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि रेखा और रवीना की यह सफलता आने वाली पीढ़ी की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Rajasthan