अज्ञात वाहन की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल
ऐलनाबाद (सिरसा)। सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 31 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे गांव ममेरा कलां के पास ममेरा चौक पर हुआ। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान गांव ममेरा कलां निवासी 21 वर्षीय गजानंद के रूप में हुई है। गजानंद ऐलनाबाद शहर में नाई की दुकान चलाता था। बाइक पर उसके साथ गांव का ही प्रिंसपाल मौजूद था, जिसे हादसे में गंभीर चोटें आई हैं।
दोस्त के साथ गांव लौट रहा था गजानंद
मृतक के पिता जसराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अक्टूबर की रात उनका बेटा गजानंद अपने दोस्त प्रिंसपाल के साथ मोटरसाइकिल पर मिट्ठी सुरेरा से ममेरा कलां गांव की तरफ आ रहा था। बाइक प्रिंसपाल चला रहा था और गजानंद पीछे बैठा हुआ था।
इसी दौरान ममेरा चौक के पास सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए और मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हादसे के बाद वहां पहुंचे दलीप और रणजीत सिंह दोनों घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल ऐलनाबाद लेकर पहुंचे। लेकिन गजानंद को गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, प्रिंसपाल को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए सिरसा के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज
घटना के बाद मृतक के पिता जसराज की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले वाहन व उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।