फतेहाबाद में बड़ा हादसा टला! मुथूट गोल्ड लोन ब्रांच के गेट से टकराया ट्रक, चालक को लगी चोट
फतेहाबाद न्यूज: हरियाणा के फतेहाबाद जिले के जाखल में सोमवार तड़के एक ट्रक हादसे के बाद मुथूट गोल्ड लोन ब्रांच का गेट और दीवार टूट गए। चंडीगढ़-बुढलाडा रोड पर हुए इस हादसे के बाद आसपास के लोगों में हलचल मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान किसी की जान नहीं गई। ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं।
बुढलाडा से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक बुढलाडा में सामान छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जाखल में ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे बनी मुथूट गोल्ड लोन ब्रांच के गेट से जा टकराया। टक्कर के कारण ब्रांच के प्रवेश द्वार और दीवार को नुकसान पहुंचा।
चालक को आई मामूली चोटें
बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक पर नियंत्रण नहीं रहा। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
शिकायत का इंतजार कर रही पुलिस
जाखल थाना प्रभारी बलराज सिंह के मुताबिक, अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। ब्रांच के कर्मचारी और प्रबंधन नुकसान का पता लगा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।